Bokaro News: पतकी पुनर्वास में एक ही रात तीन घरों में चोरी, लाखों की संपत्ति और नकदी ले उड़े चोर
Bokaro News: पतकी पुनर्वास क्षेत्र में रात को अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में ऐसी चोरी की घटना पहले कभी नहीं हुई थी।

Bokaro News: पेटरवार, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के पतकी पंचायत अंतर्गत पतकी पुनर्वास क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति और नकदी की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पेटरवार पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पहली घटना रघुनाथ रजवार के घर में हुई, जहां चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने एक कमरे में सो रहे युवक के दरवाजे को बाहर से रस्सी से बांध दिया और दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
वहां रखे दो बक्सों को तोड़कर 65 हजार रुपये नकद, सोने का मांगटीका, कान का सेट, चैन, नाक का बिछिया तथा चांदी के जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने महेंद्र कपरदार के घर में धावा बोलकर ट्रंक तोड़ दिया और उसमें रखे सोने का मंगलसूत्र, टॉप्स, नथिया, करीब एक किलो चांदी के आभूषण तथा महिला समिति के बक्से में रखे 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। तीसरी घटना मोती रविदास के घर में हुई। चोरों ने मिट्टी के घर का ताला तोड़कर संदूक से 11 हजार रुपये नकद, सोने का मांगटीका, मंगलसूत्र, दो नथ और चांदी की पायल चोरी कर ली। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ पीड़ित परिवारों के घरों पर जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। लगातार तीन घरों में चोरी की वारदात से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


