जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से डीवीसी बोकारो थर्मल का विवाद सुलझा
बेरमो के बोकारो थर्मल स्थित 500 मेगावाट डीवीसी पावर प्लांट में ऐश पौंड से छाई उठाव को लेकर उत्पन्न समस्या का समाधान बोकारो जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से किया गया। बैठक में तकनीकी समस्याओं और श्रमिकों की मांगों पर चर्चा की गई। बिजली उत्पादन सामान्य रूप से जारी है।

बेरमो, प्रतिनिधि। बेरमो के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी की 500 मेगावाट क्षमता वाले ए पावर प्लांट में ऐश पौंड से छाई उठाव को लेकर उत्पन्न अस्थायी समस्या का समाधान बोकारो जिला प्रशासन के तत्पर हस्तक्षेप से सफलतापूर्वक कर लिया गया है। इस दौरान प्लांट के संचालन या बिजली उत्पादन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। डीसी अजय नाथ झा के निर्देश पर गुरुवार सुबह एसी मो मुमताज अंसारी एवं बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा ने बीटीपीएस प्रबंधन एवं श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ बीटीपीएस स्थित सभागार में संयुक्त बैठक की। एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह व बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव भी थे।
बैठक में ऐश पौंड से छाई उठाव कार्य से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य तकनीकी समस्याओं को समझना, श्रमिकों की उचित मांगों पर विचार करना तथा उत्पादन गतिविधियों को बिना बाधा जारी रखना रहा। बैठक में सभी पक्षों के बीच आपसी संवाद सकारात्मक रहा। बीटीपीएस प्रबंधन ने उपस्थित अधिकारियों के समक्ष यह आश्वासन दिया कि तकनीकी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा तथा श्रमिकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक कदम उठाया जाएगा। श्रमिक प्रतिनिधियों ने भी उत्पादन कार्य को सुचारू बनाए रखने के लिए सहयोग देने का भरोसा जताया। इस सहमति के साथ यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी या श्रमिक संबंधित समस्या उत्पन्न होने पर संवाद के माध्यम से उसका निराकरण किया जाएगा। डीसी ने पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश समय-समय पर प्रदान किए। कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक व प्रबंधन के बीच स्वस्थ संवाद और सामंजस्य बनाए रखना है, ताकि औद्योगिक विकास की गति निरंतर बनी रहे। मालूम हो कि वर्तमान में बिजली उत्पादन सामान्य रूप से जारी है। तकनीकी समस्या व श्रमिकों की कुछ मांगों को लेकर चार महीने से नूरी नगर स्थित ऐश पौंड से छाई का उठाव नहीं हो रहा था। बीटीपीएस प्रबंधन द्वारा अपने स्तर से मामले के समाधान को लेकर कई बार प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जिला प्रशासन के समक्ष प्रबंधन द्वारा बात रखी गई। जिस पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने डीवीसी चेयरमैन से मामले में चर्चा कर समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक पहल किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




