
बीएसएल के कोक ओवन बैटरी संख्या-5 की चिमनी का लाइट अप
बोकारो इस्पात संयंत्र में कोक ओवन बैटरी संख्या 5 के कमीशनिंग के लिए चिमनी लाइट-अप की प्रक्रिया 21 जनवरी को शुरू की गई। यह बैटरी के कमीशनिंग का एक महत्वपूर्ण चरण है। साथ ही, सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र में कोक ओवन बैटरी संख्या 5 की कोल्ड रिपेयर के उपरांत बैटरी के कमीशनिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में 21 जनवरी को चिमनी लाइट-अप की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। यह गतिविधि बैटरी के कमीशनिंग की प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। कोक ओवन बैटरी संख्या-5 के कमीशनिंग कार्य के तहत चिमनी का लाइट अप अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त की ओर से किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक(अनुरक्षण) शरद गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) गुलशन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक(सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) बीके सरतापे, मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) एसआर सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) प्रकाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं इस्पात कर्मी उपस्थित थे।
इधर, बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत यांत्रिक अनुरक्षण विभाग के द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य व्यवहार को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस मानव श्रृंखला का प्रमुख उद्देश्य इस्पात कर्मियों व ठेका श्रमिकों में सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व, सतर्कता एवं सामूहिक प्रतिबद्धता की भावना एवं “सुरक्षा सर्वप्रथम” को और अधिक सशक्त करना था। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं)बीके सरतापे, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) प्रकाश कुमार, यांत्रिक अनुरक्षण विभाग के वरीय अधिकारी सहित, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित रहे। बोकारो इस्पात संयंत्र अपनी मूल भावना “सुरक्षा सर्वप्रथम” को निरंतर सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षा संस्कृति का सक्रिय सहभागी बनाने के लिए सतत प्रयासरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




