Hindi NewsJharkhand NewsBokaro NewsBokaro Farmers to Receive 50 Subsidy on Certified Wheat and Mustard Seeds from November 1 2025-26
कल से 50 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा किसानों को गेहूं व सरसों का बीज

कल से 50 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा किसानों को गेहूं व सरसों का बीज

संक्षेप: बोकारो जिले में 1 नवंबर से रबी फसल मौसम 2025-26 के लिए किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर प्रमाणित गेहूं और सरसों का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि निदेशालय ने 3500 क्विंटल गेहूं और 100 क्विंटल सरसों बीज का आवंटन किया है। किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

Fri, 31 Oct 2025 01:36 AMNewswrap हिन्दुस्तान, बोकारो
share Share
Follow Us on

बोकारो, प्रतिनिधि। बोकारो जिले में रबी फसल मौसम 2025-26 के लिए 1 नवंबर से किसानों को प्रमाणित गेहूं व सरसों का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीज विनिमय एवं बिरसा फसल विस्तार योजना के अंतर्गत कृषि निदेशालय ने बोकारो जिले को 3500 क्विंटल गेहूं का बीज (किस्म एचडी-2967 व एचडी-3086) और 100 क्विंटल सरसों बीज (किस्म आरएच-761) का आवंटन किया है। गेहूं बीज की आपूर्ति निदेशालय स्तर से सूचीबद्ध सरकारी कंपनियों एचआईएल इंडिया व एनएससी के माध्यम से की गई है। इस बावत जिला कृषि पदाधिकारी मो शाहिद ने बताया कि 1 नवंबर से किसान बीज वितरण केंद्र से बीज प्राप्त सकते हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

आवंटन के विरुद्ध अब तक 2800 क्विंटल गेहूं व 55 क्विंटल सरसों बीज की आपूर्ति जिले में हो चुकी है। 50 क्विंटल चना बीज (किस्म सीएनजी-2229) का आवंटन अभी कंपनी ने किया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बीज वितरण जिले नोडल पैक्स व पंजीकृत निजी बीज डीलरों द्वारा किया जाएगा। गेहूं बीज की अधिकृत दर 3975 रुपये प्रति क्विंटल व सरसों बीज की दर 10290 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। जिस पर 50 प्रतिशत अनुदान लागू होने के बाद किसानों को गेहूं बीज मात्र 1987.50 रुपये व सरसों बीज 5145 रुपये प्रति क्विंटल की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। बीज वितरण चंद्रा पैक्स, चंदनकियारी, होसिर पश्चिम पैक्स, गोमिया, कृषि केंद्र पेतरवार, नारायण कृषि केंद्र कसमार, किसान घर चास व किसान बीज भंडार चास के माध्यम से किया जाएगा। बीज प्राप्त करने के लिए किसान को जमीन का रसीद, वंशावली, आधार कार्ड व पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना जरूरी होगा। सभी बीज वितरण केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि वे योजना का बैनर व बीज दर सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें। प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा व बीटीएम कर्मियों को अपने-अपने स्तर से वितरण की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता न होने पाए।