27 को होने वाले मतगणना को ले डीसी ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी निगरानी की ली जानकारी
बोकारो में चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के 201 बूथों पर चुनाव के मतों की गणना 27 फरवरी को होगी। मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और मीडिया केंद्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। मोबाइल फोन पर प्रतिबंध रहेगा और कर्मियों को समय से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

बोकारो, प्रतिनिधि। चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के 201 बूथों पर बीते सोमवार को हुए चुनाव के मतों की निगती 27 फरवरी को होगी। मंगलवार को चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत अन्य पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद की मतपेटियों की गणना के लिए चिन्हित मतगणना हॉल का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम से मतगणना हॉल तक मतपेटियों के सुरक्षित ले जाने की व्यवस्था, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की। निर्वाची पदाधिकारी, अभ्यर्थियों व उनके अधिकृत अभिकर्ताओं के प्रवेश और निकासी मार्गों को अलग-अलग सुनिश्चित करने, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित रखने व बैरिकेटिंग को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। मेडिकल सुविधा व हेल्प डेस्क की तैयारियों की समीक्षा : निरीक्षण के क्रम में मीडिया कर्मियों के लिए बनाए गए मीडिया सेंटर, चिकित्सीय सहायता के लहए मेडिकल टीम की तैनाती तथा हेल्प डेस्क की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस व प्राथमिक उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। मतगणना के दिन मतगणना कर्मियों, पदाधिकारियों, पुलिस बल, अधिकृत मीडिया प्रतिनिधियों, अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं के लिए अलग-अलग वाहन पार्किंग स्थलों का चिन्हित किया गया है। आमजनों के लिए भी निर्धारित क्षेत्र तय किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने तथा सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पष्ट साइनेज एवं दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मोबाइल फोन पर रहेगा पूरा प्रतिबंध : मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल डीईओ सह डीसी द्वारा अनुमति प्राप्त पदाधिकारी, मतगणना कर्मी ही मोबाइल का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, प्राधिकृत मीडिया कर्मियों को मीडिया सेंटर तक मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अंदर ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी। कर्मियों को मतगणना के दिए समय से पहुंचने का निर्देश : मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों को समय से पूर्व उपस्थित होने, पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमृत टोपन्नो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे समेत अन्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


