
पुलिस लाइन में मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस समारोह
बोकारो में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह सेक्टर 12 पुलिस लाईन मैदान में मनाया जाएगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बैठक में सभी विभागों को तैयारियों के निर्देश दिए। 18 जनवरी से परेड का पूर्वाभ्यास होगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
बोकारो, प्रतिनिधि। जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर 12 पुलिस लाईन मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह को मनाया जाएगा। मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष से वीडियो संवाद के माध्यम से बैठक की। उपायुक्त ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को मनाया जाएगा। स्कूली बच्चों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके लिए डीईओ व बीएसएल के उप निदेशक को समन्वय स्थापित कर तैयारी करने को कहा। सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों को गणतंत्र दिवस से संबंधित तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया। सभी विभागों को झांकी में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को परदर्शित करने को कहा गया।
गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को लेकर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हाल) को आरक्षित करने व अन्य तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश दिया गया। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाईन मैदान में मेडिकल टीम को रखने को चिकित्सा पदाधिकारी को कहा गया। बैठक में मुख्य समारोह को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेवारी दी गई। पर्येवेक्षण व निरीक्षण के लिए प्रभारी प्रवर व नजारत उप समाहर्ता को संयुक्त रूप से प्राधिकृत किया गया। इन विभागों द्वारा निकाली जाएंगी झांकियां : गणतंत्र दिवस समारोह में नगर निगम चास, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता/आपूर्ति विभाग, गव्य एवं पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कृषि विभाग/जिला अग्रणी बैंक/ नाबार्ड, परिवहन विभाग, भूमि संरक्षण सर्वेक्षण विभाग, शिक्षा विभाग, खेल कूद एवं पर्यटन विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस, डीएमएफटी-खनन विभाग शामिल है। 18 जनवरी से होगा परेड का पूर्वाभ्यास : आगामी 18 जनवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे से परेड का पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह स्थल पर किया जाएगा। परेड में जैप 4 का एक प्लाटून, जिला सशस्त्र बल का दो प्लाटून, सीआरपीएफ का एक प्लाटून, सीआइएसएफ का एक प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी का एक प्लाटून, सीआइएसएफ का एक बटालियन एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का प्लाटून शामिल होंगे। 24 जनवरी को डीसी व एसपी संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होंगे सम्मानित : मुख्य समारोह स्थल पर परेड पुरस्कार, मेधावी छात्रों, खेल, सांस्कृतिक, कला, पदाधिकारियों व कर्मियों सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मेडल/प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्ती मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी पियूष, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




