फुसरो बाजार से अतिक्रमण हटाने की तैयारी
हिन्दुस्तान पुल से नया रोड होते हुए बैंक मोड़ फुसरो से लेकर बाजार होते हुए पुराना बीडीओ आफिस-करगली गेट तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण

बोकारो के बाद अब बेरमो में अतिक्रमण हटाने की तैयारी है। बेरमो कोयलांचल की ह्रदय स्थली फुसरो बाजार को अतिक्रमण मुक्त को लेकर प्रशासनिक पहल शुरू कर दी गई है। नगर परिषद फुसरो के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने बेरमो अनुमण्डल पदाधिकारी मुकेश मछुआ को पत्र लिखा है। नगर परिषद अंतर्गत फुसरो मुख्य बाजार पर बिछाए गये पेबर ब्लॉक पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही के लिए कार्यपालक पदाधिकारी ने बेरमो अनुमण्डल पदाधिकारी से दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल देने की मांग की है। विभिन्न स्थलों पर अतिक्रमण से प्रतिदिन जाम की स्थिति : नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने लिखे पत्र में जिक्र किया कि नगर परिषद फुसरो क्षेत्रान्तर्गत मुख्य पथों सहित सब्जी मण्डी, पेबर ब्लॉकों व ओवरब्रिज सहित विभिन्न स्थलों का अतिक्रमण कर लिया गया है।
जिससे नगर क्षेत्र में प्रतिदिन सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे स्कूली बच्चे, एम्बुलेंस एवं बुजुर्गों सहित आमजनों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नगर परिषद क्षेत्र में मुख्य पथों सहित विभिन्न स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल भवदीय स्तर से दिया जाय। मालूम हो कि नगर परिषद फुसरो की सीमा दामोदर हिन्दुस्तान पुल से नया रोड होते हुए बैंक मोड़ फुसरो से लेकर बाजार होते हुए पुराना बीडीओ आफिस-करगली गेट तक सड़क के दोनों ओर बिछाए गए पेबर ब्लॉकों पर स्थायी व अस्थायी रूप से अतिक्रमण देखा जा सकता है। ठोस कार्यवाही नहीं होने से अतिक्रमण का दायरा समय के साथ बढ़ता गया। इन अतिक्रमण में अधिकांश नए दुकान तो कहीं-कहीं मार्केट को आगे बढ़ा दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



