Bokaro News: स्कूली छात्राओं ने ली बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ
Bokaro News: कसमार प्रखंड के मुरहुलसुदी में बाल विवाह मुक्त भारत और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम हुआ। छात्राओं ने समाज को कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया। प्रधानाध्यापक ने शिक्षा को इन बुराइयों पर अंकुश लगाने का सबसे बड़ा साधन बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को जागरूक करना है ताकि वे बेटियों को उच्च शिक्षा दिलवाएं।

Bokaro News: कसमार, प्रतिनिधि। कसमार प्रखंड के मुरहुलसुदी स्थित मध्य विद्यालय में गुरुवार को बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित की गई। सहयोगिनी संस्था और जस्ट राइट्स के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने एकजुट होकर कुरीतियों के खिलाफ समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रभूषण कपरदार ने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा माध्यम है, जिससे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी बुराइयों पर अंकुश लगाया जा सकता है। शिक्षकों ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु में विवाह करना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वास्थ्य को भी खतरे में डालता है।
अभियान का मुख्य ध्येय ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों को जागरूक करना है, ताकि वे बेटियों की समय से पहले शादी करने के बजाय उन्हें उच्च शिक्षा दिलाएं और उनके सपनों को उड़ान दें। कार्यक्रम में सहायक शिक्षक विजय दास, वीरेंद्र सिंह मुंडा, नकुल मुंडा, आशुतोष कुमार, संदीप कुमार महतो, छात्रा तन्वी कुमारी, मोनू कुमारी, करिश्मा खातून, प्रतिमा कुमारी, शोभा कुमारी, प्रिया कुमारी, पूनम कुमारी सहित अन्य छात्राएं मौजूद थी।


