
कार से महिला बैंककर्मी के अपहरण का प्रयास
बोकारो के सेक्टर चार में एक महिला बैंककर्मी के अपहरण का प्रयास किया गया। महिला ने जैसे ही सहकर्मी का फोन रिसीव किया, अपहरणकर्ताओं ने भागने का फैसला किया। महिला सुरक्षित अपने घर पहुंची और पुलिस को घटना की सूचना दी। अब पुलिस कार और गैंग की तलाश कर रही है।
बोकारो, प्रतिनिधि। सेक्टर चार थाना क्षेत्र में प्रेस के सिंबल वाले कार से महिला बैंककर्मी के अपहरण का प्रयास किया गया। संयोगवश घटना के वक्त पीड़िता के मोबाइल पर किसी सहकर्मी का फोन आया, वो फोन रिसीव कर जैसे ही बात करना शुरू की, कार सवार महिला गैंग भाग निकली, इस संयोग से बैंककर्मी महिला सुरक्षित बचकर बदहवाश अपने घर पहुंची। पहले तो सोचा कि घटना के संबंध में किसी से जिक्र ना किया जाय। परंतु अंतरात्मा ने झकझोरा कि घटना की जानकारी जांच एजेंसी को साझा की जाय, ताकि गैंग को पुलिस पकड़ सके और ये घटना किसी और घरेलू कामकाजी महिला या छात्रा के साथ ना घटे।
इस सोच के साथ पीड़ित महिला बैंककर्मी रविवार शाम पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। घटना में प्रयुक्त कार व महिला गैंग का हुलिया साझा किया। जिसके आधार पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार मामले की छानबीन कर रहे है। थाना क्षेत्र के जिस रुट पर अपहरण का प्रयास किया गया, उस रूट के अलावा आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। साथ ही पेट्रोल पंप व चेकनाका पर भी उक्त कार की तलाश तेज कर दी गई है। बैंककर्मी महिला ने पुलिस को बताया कि वो चार फरवरी शाम सिटी सेंटर स्थित बैंक की ड्यूटी खत्म कर पैदल ही सेक्टर चार स्थित अपने घर जा रही थी। इस क्रम में काले रंग का कार उसका पीछा कर रहा था, जब वो सेक्टर चार केंद्रीय विद्यालय के पास से गुजर रही थी, कार सवार ने ओवरटेक कर उन्हें रोक दिया। उस वक्त आसपास लोगों की चहलकदमी थी। बावजूद कार सवार महिला गैंग ने उन्हें जबरन कार में बैठना चाहा। कार में तीन महिलाएं बैठी थी, पीछे बैठी महिला बगैर परिचय के कार में बैठने का दबाव बनाने लगी। सख्त लहजे में कहा कि अंधेरा होने वाला है, चलो घर छोड़ दूं। इसी वक्त मोबाइल पर आया कॉल रिसीव किया और कार सवार महिला गैंग मस्जिद वाली सरक की ओर तेजी से निकल गई। बताता चलूं कि महीने भर से जिले की आधी आबादी दहशत व खौफ में जीने को मजबूर है। दो अपहृत महिला की बरामदगी से पूर्व हत्या हो चुकी है, तीसरी अपहृत महिला का पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है। जांच के क्रम में उसे एक स्कूटी सवार व्यक्ति के साथ देखा गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।ताजा घटनाक्रम में बैंककर्मी महिला के अपहरण के प्रयास से पूर्व सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्ची के भी अपहरण का प्रयास किया जा चुका है। इस दहशत के कारण कई स्कूलों में छात्राओं की उपस्थिति कम हो गई है। महिला व लड़कियों में असुरक्षा का भाव घर कर गया है, जिसे उनके दिल व दिमाग से निकलना बोकारो पुलिस की चुनौती बनी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




