
झारखंड की घाटशिला सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किया प्रत्याशी, जानिए किसे मिला मौका?
राज्य में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भी बाबूलाल को भाजपा ने रामदास सोरेन के खिलाफ उतारा था। रामदास सोरेन की मृत्यु के बाद हो रहे इस उपचुनाव में भाजपा ने फिर से बाबूलाल सोरेन मैदान में उतार दिया है।
झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने यहां पर एकबार फिर से बाबूलाल सोरेन पर भरोसा जताया है। बाबूलाल सोरेन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे हैं। पिछले साल हुए राज्य विधानसभा के चुनाव में भी भाजपा ने इन्हीं को उतारा था। हालांकि रामदास सोरेन के मुकाबले उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अब हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने फिर से बाबूलाल सोरेन मैदान में उतार दिया है। अजजा (ST) प्रत्याशी के लिए आरक्षित इस सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।

बता दें कि राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन होने की वजह से घाटशिला में उपचुनाव हो रहे हैं। इस साल अगस्त में लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया था। घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र झारखंड मुक्ति मोर्चा का पारंपरिक गढ़ रहा है, और यहां पर भाजपा को सिर्फ एक बार साल 2014 में जीत हासिल हुई थी।
बाबूलाल सोरेन ने जताया धन्यवाद
पार्टी की तरफ से टिकट मिलने के बाद इस बारे में खुशी जताते हुए बाबूलाल सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट से मुझे भाजपा का आधिकारिक प्रत्याशी चुनने पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी, गृह मंत्री श्री अमित शाह जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री बाबूलाल मरांडी जी, कार्यकारी अध्यक्ष श्री आदित्य साहू जी समेत भाजपा परिवार के सभी अभिभावकों एवं साथियों को धन्यवाद।' अपनी पोस्ट के अंत में बाबूलाल सोरेन ने लिखा, ‘जय भाजपा! तय भाजपा !!’
कई पूर्व मुख्यमंत्रियों ने दी सोरेन को बधाई
टिकट की घोषणा होने के बाद राज्य के पहले सीएम व वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोरेन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में श्री बाबूलाल सोरेन जी को भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। घाटशिला की देवतुल्य जनता हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार और अराजकता का करारा जवाब देगी तथा एनडीए गठबंधन को विजय का आशीर्वाद प्रदान करेगी। घाटशिला है तैयार, परिवर्तन को इस बार!’
बाबूलाल सोरेन को टिकट मिलने पर उन्हें बधाई देते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुबर दास ने लिखा, ‘घाटशिला उपचुनाव के लिए श्री बाबूलाल सोरेन जी को भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। झारखंड सरकार के कुशासन से त्रस्त घाटशिला के देवतुल्य मतदाता हेमंत सरकार को सबक सिखायेंगे।’
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बाबूलाल सोरेन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में श्री बाबूलाल सोरेन जी को भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

भाजपा ने देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रत्याशी घोषित किए
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2025 के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। इस दौरान उसने जम्मू-कश्मीर की बडगाम सीट से आगा सैयद मोहसिन और नगरोटा सीट से देवयानी राणा को टिकट दिया। जबकि झारखंड की घाटशिला सीट से बाबूलाल सोरेन, ओडिशा की नुआपाडा सीट से जय ढोलकिया और तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए लंकाला दीपक रेड्डी को उतारा।





