झारखंड में बड़ा ऐक्शन! JPSC मेंस समेत 9 परीक्षाएं स्थगित; क्या है वजह
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने 14वीं जेपीएससी की मुख्य परीक्षा समेत आगामी नौ परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। नौ जुलाई को ही जेपीएससी की ओर से नौ प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया था।

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने 14वीं जेपीएससी की मुख्य परीक्षा समेत आगामी नौ परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। नौ जुलाई को ही जेपीएससी की ओर से नौ प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया था। नौ प्रतियोगी परीक्षाओं के कुल 503 पदों के लिए अलग-अलग तिथियों में 25 जुलाई से 29 सितंबर तक परीक्षाएं होनी थीं। जेपीएससी के परीक्षा नियंत्रक ने इस संबंध में बुधवार को निर्देश जारी किया।
3 दिन होनी थी लिखित परीक्षा
जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा 2026 का आयोजन 25, 26 और 27 जुलाई को रांची में विभिन्न केंद्र पर किया जाना था। इसे अपरिहार्य कारणों से अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया गया है। इसके अलावा परीक्षा कैलेंडर 2026 के तहत नौ जुलाई को विभिन्न परीक्षाओं के लिए जारी संभावित तिथियों के शिड्यूल को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
क्या है वजह
बता दें कि जेपीएससी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के बाद से छात्रों और अभ्यर्थियों की ओर से लगातार आंदोलन किए गए और कई आरोप लगाए गए। आरोपों को सरकार ने संज्ञान में लिया। इस मामले में मंगलवार को सीआईडी और पुलिस की टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई शुरू की। इस वजह से जेपीएससी के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने इस्तीफा भी दे दिया।
जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक समेत 5 गिरफ्तार
जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में अनियमितता के मामले में सीआईडी ने बुधवार को देर शाम उप परीक्षा नियंत्रण श्वेता गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर रहे अभय उर्फ मनोज तिवारी समेत दो कर्मियों मो उस्मान व मो एबाद को गिरफ्तार किया है। मनोज को मंगलवार की रात गोड्डा से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे रांची लाया गया था। मनोज वर्तमान में गोड्डा में पौड़ेयाहाट में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित था। सीआईडी इस मामले में आगे पांचो आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी।
पीटी रद्द करने को हाईकोर्ट में याचिका, सुनवाई आज
जेपीएससी 14वीं पीटी रद्द करने की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में राजेश प्रसाद ने याचिका दायर की है। इस याचिका पर बुधवार को आंशिक सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने विस्तृत सुनवाई के लिए गुरुवार की तिथि तय की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि आयोग की ओर से पूरी प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। इसमें यूपी और हरियाणा के 418 अभ्यर्थियों के चयन पर भी सवाल उठाए गए हैं। प्रार्थी ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी अन्य कथित अनियमितताओं और शिकायतों का भी उल्लेख करते हुए पूरी प्रारंभिक परीक्षा को निरस्त करने की मांग की है।
जेपीएससी ने अगले आदेश तक इन परीक्षाओं को किया स्थगित
परीक्षाएं तिथि कुल पद
1. संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (नियमित) 25-27 जुलाई 103
2. संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2023 (बैकलॉग) 01-03 अगस्त 08
3. संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (बैकलॉग) 08-10 अगस्त 45
4. सिविल जज जूनियर डिविजन (लिखित) परीक्षा 06-07 सितंबर 138
5. सहायक लोक अभियोजक लिखित परीक्षा (बैकलॉग) 08-12 सितंबर 26
6. कारखाना निरीक्षक लिखित परीक्षा 11-12 सितंबर 14
7. प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा 19-20 सितंबर 30
8. सहायक लोक अभियोजक लिखित परीक्षा (नियमित) 25-29 सितंबर 134
9. वाष्पित्र निरीक्षक परीक्षा 26-27 सितंबर 05


