Hindi Newsझारखंड न्यूज़axis my india jharkhand exit poll 2024 check results prediction who will win bjp jmm congress
एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में NDA को झारखंड में बड़ा झटका, 'INDIA' बहुत आगे

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में NDA को झारखंड में बड़ा झटका, 'INDIA' बहुत आगे

संक्षेप:

  • Jharkhand Exit Poll Axis My India: एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड में 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बन सकती है। 'इंडिया' को 53 सीटों पर जीत मिल सकती है।

Nov 20, 2024 07:36 pm ISTDevesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

Jharkhand Exit Poll Axis My India: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग पूरी हो चुकी है। दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब सभी की निगाहें एग्जिट पोल्स पर हैं। यूं तो चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। लेकिन कई एजेंसियां और चैनल अब एग्जिट पोल्स जारी कर चुके हैं। ऐसे में ‘एक्सिस माय इंडिया’ ने इस बार स्वतंत्र रूप से एग्जिट पोल्स जारी किया है। एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बन सकती है। नीचे देखिए झारखंड चुनाव के नतीजों को लेकर क्या है इस एग्जिट पोल का अनुमान…

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में 'इंडिया' की सरकार

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड में 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बन सकती है। 'इंडिया' जीत का जादुई आंकड़ा पार करता नजर आ रहा है। 'इंडिया' को 53 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं एनडीए के खाते में 25 सीटें जा सकती हैं। JLKM को दो सीटों पर और अन्य को 1 सीट पर जीत मिलने का अनुमान जताया गया है। नीचे देखिए क्षेत्रवार एग्जिट पोल के नतीजे...

उत्तर छोटानागपुर में 'इंडिया' को बढ़त

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर के 25 विधानसभा सीटों में से 'इंडिया' गठबंधन के खाते में 12 सीटें जा सकती हैं। वहीं एनडीए को 11 सीटों पर जीत मिल सकती है। दो सीटें जेएलकेएम के खाते में जाने की भविष्यवाणी की गई है। बात अगर वोट शेयर की करें तो 'इंडिया' को 40 फीसदी और एनडीए को 36 फीसदी जाने का अनुमान लगाया गया है।

संताल परगना में भी एनडीए को झटका

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड के संताल परगना के 18 विधानसभा सीटों में से 'इंडिया' गठबंधन के खाते में 15 सीटें जा सकती हैं। वहीं एनडीए को केवल तीन सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। बात अगर इन 18 सीटों की वोट शेयर की करें तो 'इंडिया' को 52 फीसदी और एनडीए को 37 फीसदी जाने का अनुमान लगाया गया है।

दक्षिण छोटानागपुर में भी 'इंडिया' आगे

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड के दक्षिण छोटानागपुर में भी 'इंडिया' के खाते में ज्यादा सीटें जाने की भविष्यवाणी की गई है। इस क्षेत्र की 15 सीटों में से 'इंडिया' 12 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं बची हुई तीन सीटें एनडीए के खाते में जाने की भविष्यवाणी की गई है। बात अगर इन 15 सीटों की वोट शेयर की करें तो 'इंडिया' को 47 फीसदी और एनडीए को 37 फीसदी जाने का अनुमान लगाया गया है।

कोल्हान में भी एनडीए पीछे

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, कोल्हान की 14 सीटों में से 'इंडिया' 9 सीटों पर जीत सकती है। वहीं एनडीए के खाते में 5 सीटें जा सकती हैं। कुल 49 फीसदी वोट 'इंडिया' और 35 फीसदी वोट एनडीए के हिस्से जाने का अनुमान लगाया गया है।

पलामू में कौन आगे

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, पलामू की 9 सीटों में भी 'इंडिया' गठबंधन आगे नजर आ रही है। 9 में से 5 सीटें 'इंडिया' के खाते में जा सकती हैं। वहीं एनडीए 3 सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है। अन्य के खाते में भी एक सीट जाने की भविष्यवाणी की गई है। कुल 47 फीसदी वोट 'इंडिया' और 33 फीसदी वोट एनडीए को मिल सकते हैं।

दो चरणों में हुआ झारखंड का चुनाव

गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 कुल दो चरणों में हुआ। पहले फेज में कुल 43 सीटों पर वोटिंग हुई। वहीं दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए वोट डाले गए। 13 नवंबर को हुई वोटिंग में 683 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। वहीं 20 तारीख को हुए आखिरी चरण के मतदान में 528 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

देखने को मिला दिलचस्प मुकाबला

कई दशकों का झामुमो का साथ छोड़कर चंपाई सोरेन ने भाजपा का दामन थाम लिया। वह भगवा दल में आने के बाद खुलकर बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरने लगे। टिकट बंटवारे के बाद भाजपा और झामुमो दोनों दलों के कई बड़े नेता नाराज हो गए। बगावत का दौर वोटिंग से ठीक पहले तक देखा गया। एक तरफ जहां भाजपा और आजसू साथ मिलकर लड़ीं। वहीं झामुमो के साथ कांग्रेस और राजद हैं। प्रचार के दौरान दोनों तरफ से खूब 'शब्द बाण' चले। अब किसकी तीर सही निशाने पर लगी यह तो 23 तारीख को ही साफ हो सकेगा।

Devesh Mishra

लेखक के बारे में

Devesh Mishra
देवेश मिश्रा लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। साल 2022 में उन्होंने यहीं से बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। उन्हें वायरल और यूनिक खबरों में विशेष दिलचस्पी रहती है। खबर लिखने के साथ-साथ वीडियो और पॉडकास्ट बनाने में भी मन रमता है। देवेश को डिबेट का शौक है। इसके लिए उन्हें दर्जनों बार गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। समय मिलने पर साहित्य की शरण में जाना पसंद करते हैं। कीबोर्ड के बाद अब हारमोनियम पर उंगलियां सेट कर रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।