Adityapur News: छोटा खरकई पुल से युवती ने नदी में लगाई छलांग, पुल पर मचा अफरा तफरी
Adityapur News: आदित्यपुर में पुराने छोटा खरकई पुल से एक युवती ने शुक्रवार को नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पार्षद नीतू शर्मा ने पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है।
Adityapur News: आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर को जोड़ने वाले पुराने छोटा खरकई पुल से शुक्रवार को एक युवती के नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना का वर्णन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक पुल पर पहुंची और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस युवती की पहचान के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह कहां से आई थी और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद नदी और पुल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। नदी में पानी की स्थिति को देखते हुए सावधानी के साथ तलाश की जा रही है।
पार्षद की प्रतिक्रिया
पिछले कार्यकाल में ही जाली लगाने की मांग की थी : पार्षद
सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वर्ष 2018-23 के कार्यकाल में ही पुराने खरकई पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की योजना स्वीकृत हुई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसके लिए जेआरडीसीएल और संबंधित विभाग की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पार्षद ने कहा कि मानगो पुल पर जाली लगाए जाने के बाद इस तरह की घटनाओं के लिए लोग अब आदित्यपुर की ओर रुख कर रहे हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।


