Adityapur News: चांडिल-कांड्रा सड़क के गड्ढों को स्लैग से भरने का ग्रामीणों ने किया विरोध
Adityapur News: चांडिल। चांडिल-कांड्रा सड़क के गड्ढों में स्लैग डालकर समतलीकरण किए जाने का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए इस कार्य को रोक दिया। सड़क की मरम्मत के लिए पहले 8.61 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन कार्य पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से मरम्मत की मांग की है।

Adityapur News: चांडिल। चांडिल-कांड्रा सड़क के गड्ढों में स्लैग डालकर समतलीकरण किए जाने का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए इस कार्य को रोक दिया। जानकारी के मुताबिक सड़क की मरम्मत के लिए पहले करीब 8.61 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। लेकिन कार्य पूरा नहीं हो सका। बाद में पुनः 11 करोड़ की री-एस्टिमेट भेजा गया है। इधर, सड़क की शिलान्यास के आठ माह बीत जाने के बावजूद अब तक सड़क मरम्मत कार्य पूरी नहीं सका है। गुरुवार को सड़क के गड्ढों को स्लैग और जेसीबी मशीन से समतलीकरण किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इस कार्य का विरोध करते हुए कार्य को बंद करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की सड़क के गढ्ढे को स्लैग डालकर उसे भरा जा रहा है। यह अनियमितता की पराकाष्ठा है और इसके गुणवता पर सवाल खड़े हो रहे है। ग्रामीणों ने मांग किया कि विभाग स्वीकृत एस्टिमेट के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से सड़क की मरम्मत करें।
सड़क पर स्लैग डालने नहीं दिया जाएगा: मुखिया
मुखिया सुबोधनी माहली ने कहा कि किसी भी कीमत पर सड़क पर स्लैग डालने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय, स्कूल और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। सड़क पर कीचड़, धूल और गड्ढों के कारण सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।


