रैश और स्टंट ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई: बिरुवा
चांडिल में होली के दौरान रैश ड्राइविंग पर कड़ी नजर रखने और कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक में सदस्यों ने आपसी सौहार्द और सड़क सुरक्षा पर जोर दिया। पुलिस गश्त और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

चांडिल, संवाददाता। रैश ड्राइविंग और स्टंट ड्राइविंग करने वालों की खैर नहीं। होली के दौरान पुलिस इनपर कड़ी नजर रखेगी और कार्रवाई करेगी। चांडिल थाना में होली को लेकर थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने का निर्णय लिया। समिति के सदस्यों ने चांडिल में बढ़ती रैश ड्राइविंग पर रोक लगाने की मांग की। रैश ड्राइविंग के कारण दूसरे राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। समिति के सदस्यों ने होली के पहले बस स्टैंड के पास नाली की सफाई कराने की भी मांग की। थाना प्रभारी ने कहा कि होली में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत सहायक अभियंता को कहा गया है।
साथ ही विधि-व्यवस्था को लेकर होली में नियमित रूप से पुलिस की गश्त रहेगी। अनुमंडल अस्पताल में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस एवं डॉक्टर की भी मौजूदगी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुखिया मनोहर सिंह सरदार, पंसस रजिया सुल्ताना, रहमत अंसारी, सदाउल हक, चंदन वर्मा, मनोज राय, सुब्रत चटर्जी, रौशन शर्मा, राहुल वर्मा आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


