Adityapur News: चांडिल में सांप के डंसने से होटल कारीगर की मौत
Adityapur News: चांडिल के रावताड़ा मोड़ स्थित न्यू बाइपास सड़क पर एक होटल में सांप के डसने से 45 वर्षीय कारीगर मनोहर महतो की मौत हो गई। वारदात के समय वह होटल में सो रहा था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार में शोक। एक दिन पहले भी एक युवक सांप के डसने से घायल हुआ था।

Adityapur News: चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के रावताड़ा मोड़ स्थित न्यू बाइपास सड़क स्थित एक होटल में सांप के डसने से होटल के कारीगर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनोहर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक मनोहर महतो गुरुवार की रात होटल के अंदर टेबल पर सो रहा था। इसी दौरान तकिया में पहले से छिपे करैत सांप ने उसे डंस लिया। सांप के डसने का आभास होने पर उसने इसकी जानकारी होटल में मौजूद अन्य कर्मी को दी। जिसके बाद होटल मालिक ने इलाज के लिए चांडिल सीएचसी में भर्ती किया।
जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान मनोहर महतो की मौत हो गईं। मृतक मूल रूप से नीमडीह के झिमड़ी का रहने वाला था। बता दें कि एक दिन पहले ही चांडिल के सुखसारी में घर से बाहर शौच करने जा रहे युवक जुठुल गोप को सांप ने डंस किया था। जिसका एमजीएम में इलाज चल रहा है।


