
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में बीमार हाथी ने तोड़ा दम
चांडिल के नीमडीह प्रखंड के चातरमा गांव में 40 वर्षीय बीमार नर हाथी रविवार को धान के खेत में गिरने के बाद दम तोड़ दिया। पिछले दो महीने से उसका इलाज चल रहा था। हाथी की मौत के बाद उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट रांची भेजी जाएगी। इस साल नीमडीह प्रखंड में तीन हाथियों की मौत हो चुकी है।
चांडिल, संवाददाता। जिले के नीमडीह प्रखंड के चातरमा गांव में धान के खेत के दलदल में गिरे बीमार नर हाथी (40 वर्ष) ने रविवार सुबह करीब सात बजे दम तोड़ दिया। हाथी का इलाज पिछले दो माह से गुजरात के जामनगर के वनतारा की फॉरेस्ट टीम कर रही थी। उसके आगे के दायें पैर में जख्म हो गया था। शनिवार को धान खेत में दलदली जगह पर वह अचानक गिर गया था, जिसके बाद उठ नहीं सका। मालूम हो कि मरने से दो दिन पूर्व हाथी ने चातरमा में चार घरों व फसलों को नुकसान पहुंचाया था। अचानक उसकी मौत कई संदेह को जन्म दे रहा है।

18 घंटे में चढ़ाया गया 45 लीटर स्लाइन : बताया जाता है कि हाथी के दलदल में गिरने के बाद चाईबासा से पहुंची वनतारा फॉरेस्ट, चांडिल वन विभाग तथा नीमडीह के पशुपालन विभाग की मेडिकल टीम लगातार इलाज में जुटी थी। चांडिल रेंजर शशि प्रकाश रंजन के नेतृत्व में टीम रात भर कैंप की हुई थी। 18 घंटे तक 45 लीटर स्लाइन चढ़ाने के बाद भी हाथी के शरीर में कोई हरकत नहीं हुआ और रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल टीम ने बताया कि उसे डिहाइड्रेशन हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया : रविवार सुबह हाथी की मौत की खबर मिलते ही डीएफओ सबा आलम अंसारी चातरमा गांव पहुंचे और मौत के कारणों की जानकारी ली। वन विभाग की मौजूदगी में देर शाम पोस्टमार्टम के बाद हाथी को दफना दिया गया। वन विभाग हाथी के दांत को काटकर चांडिल कार्यालय ले गया। दांत की लंबाई 2 फीट 9 इंच है। छह माह में तीन हाथी ने तोड़ा दम : चांडिल अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष 2025 में पिछले छह माह में एक गर्भवती समेत तीन जंगली हाथियों की मौत हो चुकी है। पांच जून को नीमडीह प्रखंड की तिल्ला पंचायत के आमडा़बेड़ा में 23 वर्षीय युवा नर हाथी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। 25 जून को नीमडीह के हेवेन गांव में 40 वर्षीय नर हाथी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी थी। तीनों हाथी की मौत नीमडीह प्रखंड मुख्यालय से आठ किमी की परिधि में हुई है। मृत हाथी के स्टमक, लिवर, आंत एवं लंग्स के पार्ट को रांची स्थित फोरेंसिक जांच के लिए सोमवार को भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही बात सामने आएगी। शशि प्रकाश रंजन, रेंजर, चांडिल, सरायकेला-खरसावां

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


