लंबित पाइप लाइन जलापूर्ति को करवायेंगे दुरुस्त, पहले सौ दिनों में पांच बड़ी समस्याओं पर प्राथमिकता : संजय
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के नव निर्वाचित मेयर संजय सरदार ने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं।

आदित्यपुर, संवाददाता। आदित्यपुर नगर निगम के नव निर्वाचित मेयर संजय सरदार ने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। हिंदुस्तान से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि आदित्यपुर की पांच प्रमुख समस्याएं पेयजल संकट, जर्जर ड्रेनेज व्यवस्था, सफाई की बदहाल स्थिति, खराब सड़कें व स्ट्रीट लाइट और अनियोजित शहरी विस्तार पर तत्काल काम शुरू किया जाएगा। संजय ने बताया कि सबसे पहले वार्ड-वार सर्वे कर समस्या का मानचित्र तैयार किया जाएगा। गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए पहले सौ दिनों के भीतर आदित्यपुर जलापूर्ति योजना का काम को पूरा कराना है। इसके अलावा खराब चापाकलों व पाइप लाइनों की मरम्मत, अतिरिक्त टैंकर की व्यवस्था और नए बोरिंग की योजना बनाई जा रही है।
वहीं बारिश से पहले नालों की विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि जल जमाव की समस्या कम हो सके। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डोर-टू-डोर कचरा उठाव को शत-प्रतिशत लागू करने और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग संग्रह की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सफाई कर्मियों की जवाबदेही तय करने के साथ तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू होगा। नव निर्वाचित मेयर ने कहा कि शुरुआती 100 दिनों में सभी वार्डों का निरीक्षण, लंबित योजनाओं की समीक्षा, प्राथमिकता वाली सड़कों-नालों का टेंडर और स्ट्रीट लाइट सुधार अभियान चलाया जाएगा। पार्षदों और अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर समन्वय स्थापित किया जाएगा। विकास योजनाओं के लिए राज्य सरकार से तालमेल बैठाते हुए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर प्रस्ताव भेजे जाएंगे। साथ ही निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए होल्डिंग टैक्स के डिजिटलीकरण, बकाया वसूली अभियान और वैकल्पिक राजस्व स्रोतों पर जोर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



