ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड आदित्यपुरराममड़ैया में अवैध टाल पर बस्तीवासियों का हमला, तोड़ा

राममड़ैया में अवैध टाल पर बस्तीवासियों का हमला, तोड़ा

आदित्यपुर थाना क्षेत्र की राममड़ैया बस्ती में मंगलवार शाम बस्ती के सैकड़ों लोगों ने बगल में संचालित नवनीत तिवारी नामक टाल संचालक के अवैध टाल पर हमला...

राममड़ैया में अवैध टाल पर बस्तीवासियों का हमला, तोड़ा
हिन्दुस्तान टीम,आदित्यपुरWed, 13 Jan 2021 03:24 AM
ऐप पर पढ़ें

आदित्यपुर। संवाददाता

आदित्यपुर थाना क्षेत्र की राममड़ैया बस्ती में मंगलवार शाम बस्ती के सैकड़ों लोगों ने बगल में संचालित नवनीत तिवारी नामक टाल संचालक के अवैध टाल पर हमला कर ध्वस्त कर दिया। बस्ती के दो लोगों को बिष्टूपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार शाम जबतक मौके पर पुलिस पहुंचती टाल को ध्वस्त कर दिया।

बताया जाता है कि राममड़ैया बस्ती स्थित उक्त टाल में शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी के सामान की कटिंग की जा रही थी। इस टाल में बस्ती के कुछ लोग शामिल थे, जिसकी वजह से पूरे बस्तीवासी बदनाम हो रहे थे। बस्ती के लोगों ने टाल हटवाने को लेकर कई बार पार्षद रंजन सिंह के समक्ष बात उठायी। पार्षद द्वारा थाने को शिकायत किये जाने के बाद भी टाल चल रहा था। इसके बाद बुधवार को बस्ती के लोगों ने खुद टाल को ध्वस्त कर दिया।

वहीं मामले को लेकर पार्षद रंजन सिंह ने कहा कि इस अवैध टाल के चलते बस्ती के निर्दोष लोग पुलिस के निशाने पर हैं, जबकि टाल संचालन में उनकी कोई संलिप्तता नहीं थी। कहा, टाल के मालिक पूर्व में चोरी की बाइक खरीद कर कटिंग करने के आरोप में जेल जा चुका है।

जून में चोरी की 10 बाइक के साथ जेल गया था नवनीत

राममड़ैया के इस टाल को गत् वर्ष जून माह में पुलिस ने बंद कर दिया था। इसी टाल के संचालक नवनीत तिवारी को पुलिस ने बाइक चोर के गिरोह के पर्दाफाश के क्रम में बाइक खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। नवनीत के औद्योगिक क्षेत्र स्थित टाल से चोरी की बाइक बरामद हुई थी।

साइकिल के साथ कई सामान टाल में थे मौजूद

जब बस्ती के लोगों ने टाल पर धावा बोला तो वहां कई साइकिल व लोहे के सामान मिले। बताया जाता है कि शहर के कई इलाकों से यहां चोरी के माल बेचने के लिए चोर आया करते थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें