ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड आदित्यपुरसरना धर्म कोड के लिए रेलवे ट्रैक एवं हाइवे को किया जाम

सरना धर्म कोड के लिए रेलवे ट्रैक एवं हाइवे को किया जाम

वर्ष 2021 की जनगणना में सरना धर्मकोड को शामिल करने की मांग को लेकर करीब एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने चांडिल स्टेशन स्थित रेल ट्रैक एवं चांडिल...

सरना धर्म कोड के लिए  रेलवे ट्रैक एवं हाइवे को किया जाम
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,आदित्यपुरMon, 01 Feb 2021 03:22 AM
ऐप पर पढ़ें

चांडिल। संवाददाता

वर्ष 2021 की जनगणना में सरना धर्मकोड को शामिल करने की मांग को लेकर करीब एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने चांडिल स्टेशन स्थित रेल ट्रैक एवं चांडिल गोलचक्कर के पास एनएच-32 एवं एनएच-33 को जाम कर दिया।

रविवार को कार्यकर्ता चांडिल स्टेशन पहुंचे और रेलवे ट्रैक को दोपहर 12 बजे से दोपहर एक बजे तक जाम रखा। पूर्व आहूत कार्यक्रम के तहत रविवार को विभिन्न क्षेत्र से आये कार्यकर्ताओं ने चांडिल स्टेशन में रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया तथा अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ता ढोल नगाड़ा, मांदर, बांसुरी एवं बैनर के साथ रैली की शक्ल में स्टेशन पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।

आदिवासी सेंगेल अभियान के रेल चक्का जाम कार्यक्रम को लेकर चांडिल स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील था। स्टेशन में स्टेशन मैनेजर विष्णु तांती, आरपीएफ ओसी कुमार राजीव समेत काफी संख्या में आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौजूद थी। इस मौके पर देवनाथ हेम्ब्रम, कालीपदो टुडू, दुबराज मार्डी, रामेश्वर हांसदा, रवींद्रनाथ हांसदा, सुनील मुर्मू आदि शामिल थे।

कार्यकर्ताओं ने एनएच-32 एवं 33 को किया जाम:

आदिवासी सेंगेल अभियान के कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक के बाद चांडिल गोलचक्कर के पास एनएच-32 एवं एनएच-33 को करीब आधे घंटे के लिए जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी। गोलचक्कर जाम को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी। चांडिल गोलचक्कर जाम होने की सूचना पर चांडिल थाना प्रभारी सनोज चौधरी गोलचक्कर पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं से बात कर सड़क जाम हटाया। आदिवासी सेंगेल अभियान के कार्यकर्ता चांडिल स्टेशन में रेलवे ट्रैक को जाम करने के बाद पैदल ही रैली की शक्ल में चार किमी दूरी तय कर चांडिल गोलचक्कर पहुंचे थे।

कालीपदो टुडू एवं देवनाथ हेम्ब्रम पर मामला दर्ज :

रेलवे ट्रैक को बाधित करने के आरोप में आदिवासी सेंगेल अभियान के जिलाध्यक्ष कालीपदो टुडू एवं चांडिल प्रखंड कमांडर देवनाथ हेम्ब्रम समेत अन्य कई समर्थकों के खिलाफ चांडिल आरपीएफ में मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ ओसी कुमार राजीव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।

विधानसभा चुनाव 2023 के सारे अपड्टेस LIVE यहां पढ़े