महामहिम के आगमन की तैयारियों में जुटा प्रशासन, चार किमी पैदल मार्च कर रूट का किया निरीक्षण
आदित्यपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 29 दिसंबर को एनआईटी जमशेदपुर में होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संभावित मार्गों और कार्यक्रम स्थलों का दौरा किया।

आदित्यपुर, संवाददाता। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आदित्यपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। 29 दिसंबर को एनआईटी जमशेदपुर में होने वाले 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के मद्देनज़र जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्व में खरकई पुल-आकाशवाणी चौक से लेकर डीएवी गेट तक करीब चार किमी तक पैदल मार्च किया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति के संभावित आगमन मार्ग का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की। इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक एनआईटी परिसर पहुंचे, जहां दीक्षांत समारोह के आयोजन स्थल को चिह्नित किया गया।
एनआईटी के जिमखाना भवन को अपेक्षाकृत छोटा पाए जाने पर परिसर स्थित खुले स्थल का भी निरीक्षण किया। एनआईटी प्रबंधन के साथ आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही नगर निगम को कार्यक्रम से पूर्व पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया है। संभावित रूट, फोर्स डिप्लॉयमेंट और अन्य सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थलों का निरीक्षण किया गया है। उनके आगमन से पूर्व सभी सुरक्षा मानकों को पूरा कर लिया जाएगा। पैदल मार्च के दौरान डीसी और एसपी अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। उनके साथ एसडीओ निवेदिता नियति, डीडीसी, एसडीपीओ समीर सवैया, नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। एनआईटी में तीन घंटे का कार्यक्रम, एक घंटे तक रुकेंगी एनआईटी में 15वां दीक्षांत समारोह कार्यक्रम तीन घंटे तक चलेगा। महामहिम राष्ट्रपति का एक घंटे का कार्यक्रम चलेगा। जिसे लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। आगामी दिनों राष्ट्रपति के आगमन वाले सभी रूट को दुरुस्त कर लिया जाएगा। सड़कों के किनारे अतिक्रमण, गंदगी आदि को साफ कराया जाएगा। 16 से 1 तक सभी कर्मियों की छुट्टी रद्द, मुख्यालय में रहने का निर्देश राष्ट्रपति के आगमन और 1 तारीख को खरसावां शहीद स्थल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला मुख्यालय के सभी कर्मियों की छुट्टी 16 दिसंबर से 1 जनवरी तक के लिए रद्द कर दी गयी है। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों, अभियंताओं, पर्यवेक्षकों, कर्मियों को मुख्यालय में ही रहने का निर्देश दिया है। एनआईटी में राष्ट्रपति महोदया का आगमन होना है। जितने भी रूट हैं उसे देखा गया है। कार्यक्रम स्थल के चयन को लेकर निरीक्षण हुआ है। क्राउड के आधार पर स्थल का चयन किया जाएगा। जिमखाना काफी छोटा है। इसे देखते हुए अन्यत्र जगह को भी देखा गया है। नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त, सरायकेला जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा निरीक्षण किया गया। खरकई पुल से एनआईटी जमशेदपुर की रूटलाइन को देखा गया। जहां-जहां कटलाइन है, उसे देखा गया है। सभा स्थल के चयन को लेकर एनआईटी प्रबंधन के साथ बैठक की गयी है। मुकेश कुमार लुणायत, एसपी, सरायकेला।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



