
गम्हरिया : जंगल में चल रही नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
गम्हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और उत्पाद विभाग ने अवैध मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। 200 लीटर स्प्रिट, 50 लीटर नकली शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई। यह फैक्ट्री एक अस्थायी घर में चल रही थी, जहाँ नववर्ष के लिए अवैध शराब बनाने की तैयारी हो रही थी।
गम्हरिया, संवाददाता। जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में चल रही अवैध मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का पुलिस व उत्पाद विभाग ने गुरुवार को दबिश दे भंडाफोड़ किया है। मौके से नकली विदेशी शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री को बरामद किया है। यह शराब फैक्ट्री गंजिया बराज से सटे ज्योति भट्ठा के पास जंगल व वीरान क्षेत्र में बने एक अस्थायी घर में चल रही थी। सरकारी जमीन पर बने घर में चल रही मिनी फैक्ट्री में नकली विदेशी शराब तैयार हो रही थी। नववर्ष को लेकर भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने को लेकर तैयारी की गयी थी।
शराब बनाने के लिए स्प्रिट, तैयार तरल रंगीन शराब, विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन, बोतल सील करने हेतु कॉर्क, नकली लेबल, आसंजक पदार्थ तथा रंग एवं स्वाद देने में प्रयुक्त कैरामेल को जमा किया गया था। इसके अतिरिक्त मैकडॉवेल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिज़र्व, रॉयल चैलेंज, आइकॉनिक आदि ब्रांडों की बोतलबंद शराब पेटियां भी थीं, जिसे बरामद किया गया। दो सौ लीटर स्प्रिट व 50 लीटर शराब जब्त : उत्पाद विभाग व गम्हरिया पुलिस की कार्रवाई में कुल 200 लीटर स्प्रिट, लगभग 50 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया। साथ ही बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल एवं कॉर्क भी बरामद किए गए। पहले इस घर में रहते थे ठेकेदार के मजदूर : पूर्व में इस घर में एक कंपनी के ठेकेदार के श्रमिकों का आवास था। पिछले 6 माह से यह घर खाली था। इस मामले में उत्पाद विभाग एवं गम्हरिया पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध विदेशी शराब निर्माण में संलिप्त लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मालूम हो कि उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के आदेश तथा उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी दल में थे शामिल : थाना प्रभारी रामचंद्र रजक एवं पुलिसकर्मी के अलावा उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं प्रतिनियुक्त जवान, उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम के निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, उप निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, रामदेव पासवान शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




