Hindi NewsJharkhand NewsAdityapur NewsPolice Arrest Shooter Bombkar Chaudhary in Dhanbad s Shababuddin Murder Case
जमीन कारोबारी की हत्या में खरसावां से शूटर गिरफ्तार

जमीन कारोबारी की हत्या में खरसावां से शूटर गिरफ्तार

संक्षेप:

धनबाद में जमीन कारोबारी शहाबुद्दीन की हत्या के मामले में पुलिस ने शूटर बमकर चौधरी को गिरफ्तार किया। बमकर ने शहाबुद्दीन को दो गोलियां मारी थीं। इस मामले में पहले से 10 आरोपी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने रबीउल को रिमांड पर लिया है, जिसने हत्याकांड के बारे में जानकारी दी।

Dec 05, 2025 02:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, आदित्यपुर
share Share
Follow Us on

धनबाद, मुख्य संवाददाता। पांडरपाला के न्यू इस्लामपुर निवासी जमीन कारोबारी शहाबुद्दीन की हत्या में पुलिस ने फरार खरसावां के शूटर बमकर चौधरी को दबोच लिया। बमकर ने ही शहाबुद्दीन को सटाकर दो गोलियां मारी थीं। धनबाद थाने में उससे पूछताछ हो रही है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय और बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने उससे पूछताछ की। नावाडीह आठ लेन में एक अक्तूबर-2024 को शहाबुद्दीन की हत्या हुई थी। इस कांड में पहले ही 10 आरोपी जेल जा चुके हैं। आरोपियों ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया था कि वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान, गोपी खान और गोपी के साले रितिक खान के इशारे पर उसने शहाबुद्दीन की हत्या की थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पुलिस ने बीते 24 जून को चक्रधरपुर के चोंगा साही के सिमिदिरी निवासी हासिम, चक्रधरपुर के बगलाटांड़ निवासी पीर मोहम्मद उर्फ गबरू, पूर्वी सिंहभूम के मानगो के न्यू ओलीडीह निवासी अजय कांडेयांग, खरसावां के बेगनाडीह निवासी बबलू कांडेयांग, सरायकेला के खरसावां के जोजोडीह निवासी पिंटू लोहार और सरायकेला के खरसावां के गांडासाई निवासी एहसान अंसारी तथा 30 सितंबर को सरायकेला के खरसावां के राजाबांध निवासी रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा को पकड़ा था। हासिम, बबलू और रबीउल ने हत्याकांड में बमकर चौधरी उर्फ चौधरी की भूमिका बताई थी। पुलिस महीनों से उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्तचर को भी सक्रिय किया गया था। रबीउल को पुलिस ने लिया दो दिनों के रिमांड पर: पुलिस ने रबीउल को दो दिनों की रिमांड पर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि गोपी खान के गुर्गे चक्रधरपुर के चोंगा साही के सिमिदिरी निवासी हाशिम ने उन सभी को गिरोह से जोड़ा था। शहाबुद्दीन सिद्दीकी की हत्या के लिए गोपी खान ने हाशिम को 10 लाख रुपए की सुपारी दी थी। हाशिम ने 30 सितंबर-2024 को शहाबुद्दीन को मारने के लिए बबलू कांडेयांग, बमकर चौधरी और उसे धनबाद बुलाया था। रबीउल बाइक चला रहा था। बीच में बमकर चौधरी बैठा था और पीछे बबलू कांडेयांग बैठा था। बबलू ने कट्टे से गोली चलाई लेकिन गोली नहीं चली। इस बीच चौधरी ने शहाबुद्दीन को दो गोलियां मार दी थीं। पुलिस के पास घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी है। पुलिस रबीउल और बमकर को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को बमकर को जेल भेजा जा सकता है।