रापचा डैम से 45 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद
गम्हरिया के रपचा डैम में पुलिस ने 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव कई दिनों से पानी में पड़ा था, जिसकी स्थिति खराब हो गई थी। ग्रामीणों ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पहचान व मौत के कारणों की जांच जारी है।
गम्हरिया।टायो कॉलोनी के पीछे अवस्थित रपचा डैम से ग़म्हरिया थाना पुलिस ने 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। डैम में कई दिनों से पड़े रहने के कारण शव की स्थिति बदतर हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार शंकरपुर गांव के कुछ ग्रामीण सुबह डैम में नहाने पहुंचे और उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। शव की स्थिति काफी खराब और सड़ी-गली थी जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कई दिनों पुराना हो सकता है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराक की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि शव काफी सड़ा-गला है जिससे प्रथम दृष्टया पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु से जांच में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


