एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव 2026 : अंतिम चरण में तैयारी, 15 हजार वर्गफीट में एक्सपो का पंडाल
आदित्यपुर में 16 और 17 जनवरी को एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने के उद्देश्य से है। लगभग 500 उद्योगों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें प्रदर्शनी, सेमिनार और वर्कशॉप का आयोजन होगा। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ उद्घाटन करेंगे।

आदित्यपुर, संवाददाता। आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने तथा स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने के उद्देश्य से 16 एवं 17 जनवरी को आयोजित होने वाले एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव-2026 की तैयारी अंतिम चरण में है। आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में होने वाले कॉन्क्लेव को लेकर उद्यमी संगठन एसिया, लघु उद्योग भारती एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी एवं सदस्य दिन-रात तैयारी में जुटे हैं। कॉन्क्लेव के लिए ऑटो क्लस्टर परिसर में लगभग 15 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में पंडाल निर्माण किया जा रहा है। इस पंडाल में रक्षा क्षेत्र से जुड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों, राष्ट्रीय एवं स्थानीय एमएसएमई उद्योगों के लिए स्टॉल लगाये जायेंगे।
इसके साथ ही प्रदर्शनी, सेमिनार, बी2बी मीटिंग, पैनल डिस्कशन एवं वर्कशॉप का भी आयोजन किया जायेगा। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लगभग 500 उद्योगों को कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए आमंत्रण भेजा गया है। जिससे कि अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमी रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से सीधे जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर से जुड़े उद्योगों को रक्षा उत्पादन की संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा। गौरतलब है कि झारखंड में पहली बार स्टेट लेवल एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन 16 जनवरी को देश के रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह कॉन्क्लेव कोल्हान सहित पूरे झारखंड के एमएसएमई उद्योगों के लिए रक्षा क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा और स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय रक्षा आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया, एशिया के उपाध्यक्ष राजीव रंजन मुन्ना एवं संतोख सिंह, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, पूर्व कोषाध्यक्ष चतुर्भुज केडिया, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



