गम्हरिया के बलरामपुर से लापता दो नाबालिग अमृतसर में मिले
गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर से लापता हुए दो नाबालिग, अंकुश कुमार और सीतीश कुमार सिंह, को पुलिस ने अमृतसर में बरामद किया है। दोनों बच्चे 17 दिसंबर को लापता हुए थे और उन्हें चाइल्ड होम में रखा गया है। परिजन और पुलिस उन्हें वापस लाने के लिए अमृतसर गए हैं।

गम्हरिया, संवाददाता। गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर से एक माह पूर्व लापता हुए दो नाबालिग अंकुश कुमार एवं सीतीश कुमार सिंह को पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों नाबालिग पंजाब के अमृतसर में है। वहां की पुलिस ने दोनों बच्चों को चाइल्ड होम में रखा है। उन्हें लाने गम्हरिया थाना के एसआई मनोज साहू के साथ परिजन रजनीश कुमार एवं अन्य गए हुए हैं। रजनीश कुमार ने बताया कि अमृतसर पुलिस की वैधानिक प्रक्रिया के बाद कल दोनों बच्चे उनके परिजनों एवं गम्हरिया पुलिस को सौंपी जाएगी। उसके बाद बच्चों को लेकर आएंगे। 17 दिसंबर को लापता हुए थे दोनों बच्चे जगन्नाथपुर पंचायत के बलरामपुर स्थित एनकेएस मैदान के पास रहने वाले रंजीत कुमार एवं सुभाष कुमार सिंह के पुत्र अंकुश कुमार एवं सीतीश कुमार सिंह 17 दिसंबर से लापता हो गए थे।
दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष है। दोनों दोस्त भी हैं। इस मामले में ग़म्हरिया थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने इसे लेकर एसआई मनोज साहू के नेतृत्व में विशेष टीम बनायी। रेल पुलिस से भी सहयोग लिया गया। इसमें रेलवे स्टेशनों के कैमरे के फुटेज से सुराग मिला। रेल पुलिस महानिदेशक अनिल पालटा ने सहयोग किया। ट्रेन से आसनसोल के रास्ते अमृतसर पहुंच गए बच्चे : दोनों बच्चे ट्रेन से आसनसोल पहुंचे। उसके बाद जसीडीह होते अमृतसर चले गये। दोनों अपनी मर्जी से घर से निकले थे। इससे पहले ग़म्हरिया थाना पुलिस तकनीकी सेल के माध्यम से प्रत्येक स्तर से बच्चों का लोकेशन ढूंढने में जुटी थी। इंस्टाग्राम पर मिले एक लिंक के माध्यम से ट्रेस के बाद बच्चों के लोकेशन का पता चला। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर अमृतसर पुलिस की मदद से करीब एक माह बाद दोनों बच्चों को बरामद कर लिया। बलरामपुर से लापता हुए दोनों बच्चे अमृतसर में मिले हैं। उनके लापता होने का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस खोजबीन में जुटी थी। उन्हें लाने पुलिस एवं परिजन अमृतसर गये हैं। वहां की पुलिस की संवैधानिक प्रक्रिया के बाद कल बच्चों को सौंप दिया जाएगा। वहां से आने के बाद कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को बच्चे सौंपे जायेंगे। रामचंद्र रजक, थाना प्रभारी, ग़म्हरिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




