डीप बोरिंग के पानी से चल रहा था वाशिंग सेंटर, नगर निगम ने कनेक्शन काटा
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 27 में अंबेडकर चौक के पास एक वाशिंग सेंटर का खुलासा हुआ है, जो नगर निगम के डीप बोरिंग का पानी अवैध रूप से उपयोग कर रहा था। पार्षद रिंकी कुमारी ने जांच करवाई और पानी के दुरुपयोग पर आपत्ति जताई। नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाशिंग सेंटर का पाइप कनेक्शन डिस्कनेक्ट कर दिया।
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 अंतर्गत अंबेडकर चौक के पास नगर निगम के डीप बोरिंग के पानी से संचालित एक वाशिंग सेंटर का खुलासा हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड संख्या 27 की पार्षद रिंकी कुमारी ने नगर निगम के उड़नदस्ता को बुलाकर जांच करवाई। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वाशिंग सेंटर में वर्षों से नगर निगम के डीप बोरिंग से अवैध रूप से पानी लेकर वाहन धुलाई का कार्य किया जा रहा था। इस पर पार्षद रिंकी कुमारी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि डीप बोरिंग का पानी आम जनता को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया है, न कि व्यावसायिक उपयोग के लिए।
वहीं वाशिंग सेंटर के संचालक ने दावा किया कि यहां नगर निगम के कुछ अधिकारियों के वाहन भी धोए जाते हैं। हालांकि, इस पर पार्षद ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में पेयजल का दुरुपयोग स्वीकार्य नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाशिंग सेंटर का पाइप कनेक्शन डिस्कनेक्ट कर दिया। मौके पर कांग्रेस नेता राहुल यादव समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


