कूकड़ू में हाथियों के डर से शादी समारोह में नहीं जा पा रहे लोग
कुकड़ू में गजराजों के बढ़ते आतंक को देखते हुए वन विभाग ने माइकिंग कर लोगों को रात में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। ग्रामीण गजराजों के डर से सतर्कता से शादी समारोह में शामिल हो रहे हैं। वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश है क्योंकि रेंजर ने स्थिति की जानकारी नहीं ली।

कुकड़ू में गजराजों के बढ़ते आतंक को देखते हुए वन विभाग के द्वारा कुकड़ू क्षेत्र में हाथियों से बचाव और सतर्कता को लेकर माइकिंग की जा रही है। वन विभाग द्वारा लोगों को रात में एवं तड़के सुबह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। दूसरी ओर वन विभाग की टीम पिलीद एवं पायलौंग में मशाल लेकर गजराजों को भगाने में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक देर शाम तक गजराज बंगाल सीमा पर डेरा जमाए हुए थे। इधर, ग्रामीण गजराजों के आतंक से ग्रामीण सहमे हुए हैं। शाम ढलने के साथ ही लोग अपने-अपने घरों में दुबक जा रहे हैं तथा रात में घरों एवं परिवार की सुरक्षा को लेकर रातजगा कर रहे हैं। गजराजों के भयवश ग्रामीण बड़ी सतर्कता से शादी समारोह में शामिल हो रहे हैं। ग्रामीण पैदल एवं दोपहिया वाहनों से शादी समारोह में जाने से परहेज कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गजराजों के डर से शादी समारोह में शामिल नहीं होने की वजह से रिश्तों में भी दरार पड़ रही है।
ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश:
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गजराजों का आतंक लगातार जारी है। जानमाल की लगातार क्षति पहुंच रही है इसके बावजूद रेंजर ने कभी भी गांव आकर वस्तुस्थिति की जानकारी नहीं ली। पदभार ग्रहण के एक माह बाद भी रेंजर क्षेत्र में नहीं आए। इससे वन विभाग की लापरवाही साफ झलकती है।
बंगाल सीमा पर गजराजों को लेकर मशक्कत :
वन विभाग की टीम ने गजराजों को बंगाल सीमा में प्रवेश करा दिया है। इसके बाद बंगाल और झारखंड वन विभाग के बीच विरोध की स्थिति बन गई है। बंगाल वन विभाग गजराजों को बंगाल सीमा से कुकड़ू सीमा में प्रवेश करना चाह रही है वहीं, कुकड़ू वन विभाग की टीम गजराजों को बंगाल में धकेलना चाह रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


