सड़क नहीं, जान बचाने मरीज को खाट पर ले दो किमी पैदल पैदल चले

Newswrap हिन्दुस्तान, आदित्यपुर
share

चांडिल के दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति काफी खराब है। सड़कें कच्ची और ऊबड़-खाबड़ हैं, जिससे एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती। परिजन मरीजों को खाट पर लिटा कर कई किमी पैदल चलकर मुख्य मार्ग तक लाते हैं। हाल ही में एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए डॉ. शेखर ने मदद की।

सड़क नहीं, जान बचाने मरीज को खाट पर ले दो किमी पैदल पैदल चले

चांडिल, संवाददाता। यह तस्वीर जिले के दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवा की जमीनी हकीकत बयां कर रही है, जहां एम्बुलेंस न पहुंच पाने के कारण खाट ही एम्बुलेंस बन जाती है। दुर्गम क्षेत्र में बसे गांवों में ऊबड़-खाबड़ कच्ची सड़क के कारण एम्बुलेंस या अन्य वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। परिजन मरीज को खाट पर लिटा और कंधे पर उठा कई किमी पैदल चल मुख्य मार्ग तक लाते हैं। फिर उन्हें एम्बुलेंस या भाड़े के वाहनों से अस्पताल पहुंचाया जाता है। रविवार को सरायकेला जिले के चांडिल प्रखंड के दुर्गम क्षेत्र हेसाकोचा पंचायत में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। टूरु गांव के गैंगरदा टोला की बीमार बाजार देवी (55 वर्ष) को खाट पर लिटा परिजन दो किमी तक कंधे पर उठा मातकमतोड़ांग लाये। एम्बुलेंस नहीं मिलने पर वहां से निजी वाहन से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले गये।

स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति

अधूरा पड़ा है हेसाकोचा उप स्वास्थ्य केंद्र: ग्रामीणों का कहना था कि कच्ची एवं ऊबड़ खाबड़ सड़क के कारण गैंगरदा गांव तक कोई भी वाहन एवं एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाते हैं। इस कारण विशेषकर गर्भवती महिलाओं को जान जोखिम में डालना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि 108 एम्बुलेंस पर संपर्क किया, पर कोई संपर्क नहीं हो सका। वहीं, हेसाकोचा पंचायत में वर्षों से उप स्वास्थ्य केंद्र अधूरा पड़ा है। झारखंड बनने के 25 साल बाद भी स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था के कारण मरीजों को खाट पर टांग अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।

डॉ. शेखर की मानवता

डॉ. शेखर ने दिखायी मानवता : चांडिल प्रखंड के रसुनिया स्थित हरि मंदिर के पास शनिवार रात्रि एक गर्भवती की तबीयत बिगड़ने पर जर्जर सड़क के कारण एम्बुलेंस नहीं पहुंच पायी। जानकारी मिलने पर अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एचएस शेखर ने अपने सरकारी वाहन बोलेरो को रसुनिया भेजा। गर्भवती को बोलेरो से अस्पताल पहुंचाया तथा अपनी देखरेख में चांडिल सीएचसी में भर्ती कराया। महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

खाट पर मरीज को ले जाने की कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में स्वास्थ्य सहिया से पूरी जानकारी ली जा रही है।

डॉ. एचएस शेखर, उपाधीक्षक, अनुमंडल अस्पताल, चांडिल

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति क्या है?
दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति काफी खराब है। कच्ची और ऊबड़-खाबड़ सड़कें होने के कारण एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।