उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन
संक्षेप: गम्हरिया में मंगलवार को भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। पहले अर्घ्य के दिन विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस और...
गम्हरिया।श्रद्धा, असीम भक्ति एवं उत्साह के साथ मंगलवार को उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन हो गया। इससे पूर्व सोमवार को पहले अर्घ्य के दिन विभिन्न छठ घाटों पर हजारों की भीड़ उमड़ी। स्वर्णरेखा एवं खरकई के संगम पर शहरबेड़ा से लेकर तालाबों एवं वैकल्पिक जलाशयों में आस्था की रौनक देखने को मिली। कई व्रतधारी दंडवत प्रणाम करते हुए घाट पर पहुंच रहे थे। विभिन्न घाटों पर शांति व्यवस्था के लिए गम्हरिया, कांड्रा एवं आदित्यपुर पुलिस के साथ वालंटियर तैनात थे। इस क्षेत्र के सभी घाटों पर प्रशासनिक स्तर से सुरक्षा की पूरी व्यवस्था थी। शहरबेड़ा में तीन व्यक्तियों के डूबने की घटना के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर से सुरक्षा की व्यवस्था खुद तीनों थाना प्रभारियों ने संभल लिया था।

कांड्रा, ग़म्हरिया एवं आदित्यपुर थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर और मुस्तैद थे। उनके स्तर से गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह ध्वनि विस्तारक यंत्र से दी जा रही थी। जिलिंग गोडा से लेकर गंजियाबराज के खरकई नदी पर वॉलेंटियर्स एवं ग़म्हरिया थाना पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद थी। घाटों पर स्वयं सेवी संस्थाओं की ओर से छठ व्रतियों की सेवा के लिए कई स्टाल लगाए गए थे। टीजीएस कॉलोनी परिसर में पूजनोत्सव की काफी सुंदर व्यवस्था की गई थी। कृत्रिम तालाब को भव्य तरीके से सजाया गया था। जबकि स्वच्छता में कंपनी प्रबंधन एवं यूनियन का पूर्ण सहयोग था। इस दौरान टीएमयू के महामंत्री शिव लखन सिंह, उपाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय से लेकर दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव राकेश सिंह चंदेल ने उपस्थित होकर छठ पूजनोत्सव को संपन्न कराया। भीड़ एवं आर्थिक परेशानी से बचने के लिए क्षेत्र में कृत्रिम छठ घाटों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई। इस क्षेत्र के टीजीएस कॉलोनी, गायत्री नगर, हिलव्यू कॉलोनी, आदर्शनगर आदि क्षेत्रों में कृत्रिम छठ घाट का निर्माण कराया गया था। जबकि अधिकांश लोगों ने घर की छत पर ही जल संचयन कर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




