
सरायकेला खरसावां: नगर निकाय चुनाव की तैयारी हेतु कुल 13 कोषांग गठित
आदित्यपुर में जिला प्रशासन ने तीन नगर निकाय चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर 13 कोषांग बनाए गए हैं। इनमें निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, परिवहन, और विधि व्यवस्था से संबंधित कोषांग शामिल हैं। कुल 67 वार्डों के लिए 180 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,84,416 मतदाता मतदान करेंगे।
आदित्यपुर, संवाददाता। जिला के तीन नगर निकाय क्षेत्र में चुनाव की तैयारी जिला प्रशासन ने अभी से शुरू कर दी है। चुनाव प्रक्रिया व्यवस्थित व सुचारू हो इसके लिए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है। साथ ही सभी कोषांगों में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है। गठित कोषांगों में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग और जिला नियंत्रण कक्ष कोषांग शामिल हैं।

निर्वाचन कोषांग की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव और अन्य अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं, जिला कार्मिक कोषांग का नेतृत्व अपर उपायुक्त जयवर्द्धन कुमार करेंगे। मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग और सामग्री कोषांग का संचालन काशी साहू कॉलेज परिसर से होगा। परिवहन कोषांग की कमान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के सुपुर्द की गई है। जबकि विधि-व्यवस्था और आचार संहिता कोषांग का नेतृत्व अपर उपायुक्त जयवर्द्धन कुमार करेंगे। हेल्पलाइन और जन शिकायत कोषांग की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त रीना हांसदा को दी गई है। प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग और सूचना तकनीकी कोषांग में भी संबंधित अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है। नियंत्रण कक्ष जिला सहकारिता कार्यालय के नए भवन में स्थापित किया गया है, जहां चुनावी व्यवस्थाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। तीनों निकाय के 67 वार्ड के लिए बने 180 मतदान केंद्र वहीं, तीनों नगर निकाय क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र का निर्धारण भी कर दिया गया है। तीनों निकाय क्षेत्र के कुल 67 वार्डों के लिए कुल 180 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1,84,416 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 91,658 महिला मतदाता, 92,758 पुरुष मतदाता और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी कोषांग चुनाव प्रक्रिया को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


