
वनराज स्टील कंपनी बंद नहीं हो, आपसी तालमेल से बेहतर रूप से चलायें : विधायक
बिहार स्पंज आयरन कंपनी को 2013 की तरह बंद होने से रोकने के लिए विधायक सविता महतो की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इस वार्ता में कंपनी के प्रबंधन, वनराज स्टील कंपनी और पंचाग्राम विस्थापित समिति ने उत्पादन को सुचारू रूप से चलाने के लिए आपसी तालमेल की बात की।
चांडिल, संवाददाता। वर्ष 2013 की तरह फिर से बिहार स्पंज आयरन कंपनी बंद नहीं हो इसके लिए मंगलवार को विधायक सविता महतो की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता बिहार स्पंज आयरन कंपनी प्रबंधन, वनराज स्टील कंपनी प्रबंधन एवं पंचाग्राम विस्थापित प्रभावित समिति के बीच हुई। बिहार स्पंज आयरन कंपनी द्वारा अधिकृत वनराज स्टील को सुचारू रूप से चलाने में आ रहे व्यवधान पर चर्चा की गई। पंचग्राम विस्थापित एवं प्रभावित समिति ने वनराज स्टील कंपनी का परिचालन सुचारु रूप से नहीं होने एवं कंपनी बंद होने जैसी उत्पन्न स्थिति से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार स्पंज आयरन कंपनी गेस्ट हाउस परिसर में हुई वार्ता में पंचग्राम विस्थापित एवं प्रभावित समिति, बिहार स्पंज आयरन कंपनी एवं वनराज स्टील कंपनी प्रबंधन को आपसी तालमेल से कंपनी को बेहतर रूप से चलाने की बात कही।
विधायक ने कहा वर्ष 2013 में कंपनी बंद हो गयी थी, वैसे स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं हो। कंपनी चलाने के लिए जो भी जरूरत होगी उसे पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से भी बात करेंगी। वार्ता के दौरान बीएसआईएल कंपनी के जीएम आरके शर्मा, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारुचांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, समिति का अध्यक्ष जगन्नाथ मांझी, सचिव आशुतोष बेसरा, बिजली मांझियांन, लक्ष्मीकांत महतो, अरुण टुडू आदि मौजूद थे। वार्ता में समिति ने कंपनी प्रबंधन को दी चेतावनी: वार्ता के दौरान पंचाग्राम विस्थापित एवं प्रभावित समिति के सचिव आशुतोष बेसरा ने बताया कि बिहार स्पंज आयरन और वनराज स्टील कंपनी प्रबंधन के बीच रेंट को लेकर असमंजस की स्थिति के कारण कंपनी के फिर से बंद होने की नौबत आ गयी है। कामगार पलायन कर रहे हैं। बेसरा ने कहा कि जबतक वनराज स्टील कंपनी प्रबंधन कामगारों एवं कर्मियों को उनका सेटलमेंट और पेमेंट क्लियर नहीं करता है तब तक समिति कंपनी के उत्पादन को कंपनी परिसर से बाहर नहीं जाने देगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




