
पढ़ाने की बजाए शिक्षक मार रहे थे गप्प, बीडीओ ने किया शोकॉज
चांडिल के बीडीओ तालेश्वर रविदास ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय हेसाकोचा के पांच शिक्षकों को शिक्षण में लापरवाही के लिए शोकॉज किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में अव्यवस्था और शिक्षकों की गैरहाजिरी देख वे भड़क गए। कक्षा 10 में केवल 9 बच्चे उपस्थित थे, जबकि रजिस्टर में 20 बच्चों की हाजिरी थी।
चांडिल, संवाददाता। विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने में लापरवाही बरतने पर बीडीओ तालेश्वर रविदास ने चांडिल प्रखंड के सुदूरवर्ती उत्क्रमित उच्च विद्यालय हेसाकोचा के पांच शिक्षकों को शोकॉज किया है। दरअसल, बीडीओ तालेश्वर रविदास ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अव्यवस्था एवं शिक्षकों की लापरवाही को देखकर वे भड़क गए। शिक्षक पढ़ाने का कार्य छोड़कर वे एक साथ बैठकर गप्प मार रहे थे। बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के द्वारा कक्षा 10 में मात्र 9 बच्चे थे, जबकि रजिस्टर में 20 बच्चों की हाजिरी बनी हुई थी। वहीं, विद्यालय में 10 शिक्षकों में मात्र पांच शिक्षक उपस्थित थे।

अनुपस्थित रहे अन्य पांच शिक्षकों के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया था। विद्यालय के शौचालय की स्थिति बदतर थी। बीडीओ ने शिक्षकों से विद्यालय की मौजूद सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बीडीओ ने शिक्षकों से कहा कि वे लोग पढ़ाने के प्रति अपने आचरण में सुधार लाएं। पढ़ाने के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीडीओ ने शिक्षकों से विद्यालय विकास फंड के तहत किये गये खर्च की जानकारी मांगी। इसके अलावा हेसाकोचा में लगी मोबाइल चलंत चिकित्सा वैन द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जानकारी ली तथा रजिस्टर की जांच की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




