समाज के लोग एकजुट हों, बिरसा मुंडा के बताये मार्ग पर चलें : सुखराम मुंडा
चांडिल के बिरीगोड़ा स्थित दलमा बुरु बोंगा मैदान में रविवार को भूमिज मुंडा समाज का 43 वां वार्षिक मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम में झारखंड

चांडिल,संवाददाता। भूमिज मुंडा समाज के 43वें वार्षिक मिलन समारोह सह वनभोज में भगवान बिरसा मुंडा के पोते सुखराम मुंडा ने एकजुटता की अपील करते हुए कहा कि सभी बिरसा मुंडा के बताये मार्ग पर चलें।
चांडिल के बिरीगोड़ा स्थित दलमा बुरु बोंगा मैदान में आयोजित समारोह में झारखंड के अलावा प. बंगाल एवं ओडिशा से काफी संख्या में भूमिज मुंडा समाज के लोग शामिल हुए। अखिल भारतीय आदिवासी भूमिज मुंडा कल्याण समिति, आदिवासी भूमिज मुंडा युवा संगठन एवं आदिम भूमिज मुंडा कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं बिदरी झंडोत्तोलन कर समारोह की शुरुआत हुई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे बिरसा मुंडा के पोते सुखराम मुंडा का पारंपरिक रीति रिवाज से स्वागत किया गया। इस दौरान खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।
मुंडा समाज के बच्चों को शिक्षित करने की जरूरत : टीएसी सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार ने कहा कि आदिवासियों ने सदियों से जल, जंगल व जमीन को बचाने के साथ-साथ संघर्ष की बदौलत खुद को सुरक्षित रखने का काम किया है। भूमिज-मुंडा समाज के बच्चों को शिक्षित करने के लिए हमें आगे आने की जरूरत है। इधर, सुखराम मुंडा चांडिल के गांगुडीह पुर्नवास स्थल में ग्राम प्रधान बनू सिंह सरदार के घर पहुंचे, जहां समाज के लोगों ने रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया।
हर घर में बिरसा मुंडा की तस्वीर लगायें : मंगल
अखिल भारतीय आदिवासी भूमिज मुंडा कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा ने कहा कि बिरसा मुंडा को भगवान का दर्जा मिलना हमारे समाज के लिए बड़ी विरासत है। समाज के लोग अपने घरों में बिरसा मुंडा की तस्वीर लगायें, उनकी पूजा करें तथा बिरसा मुंडा के बताये मार्गों पर चलने का संकल्प लें।
समारोह में ये थे मौजूद : पोटका की पूर्व विधायक मेनका सिंह सरदार, विनोवा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति सत्यनारायण सिंह मुंडा, खुंटी एसडीपीओ रामदयाल सिंह मुंडा, लक्ष्मी नारायण सिंह मुंडा, विश्वनाथ सिंह सरदार, मंगल सिंह मुंडा, भीष्म सिंह मुंडा, रवींद्र सिंह सरदार, जगमोहन सिंह मुंडा, माधव मुंडा आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।