बैटरी दुकान में फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
आदित्यपुर में संजय इलेक्ट्रोनिक्स पर 14 मार्च को की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रकाश पांडेय उर्फ ऋषि पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास है और पुलिस उसकी तलाश में थी। गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

आदित्यपुर। आदित्यपुर में दुकान पर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 14 मार्च को दिनदहाड़े चूना भट्ठा के पास स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स में जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में नामजद अभियुक्त प्रकाश पांडेय उर्फ ऋषि पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी और लगातार छापेमारी की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी साईंनगर पथ संख्या-दो का निवासी है। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आरआईटी थाना में दो केस दर्ज हैं। आदित्यपुर और बिष्टुपुर थाना में एक-एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।
इससे साफ है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इस मामले में गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में एसआई सतीश वर्णवाल, रमण कुमार विश्वकर्मा, एएसआई विनोद टुडू और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


