7.58 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ कुख्यात रतन लोहार का बेटा गिरफ्तार
आदित्यपुर पुलिस ने जयप्रकाश उद्यान के पास एक युवक को 7.58 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विपुल कर्मकार के रूप में हुई, जो हाल ही में छिनतई के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

आदित्यपुर, संवाददाता। आदित्यपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत जयप्रकाश उद्यान के पास से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 26 छोटे पैकेट एवं एक प्लास्टिक पाउच में कुल 7.58 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राममड़ैया बस्ती निवासी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार के रूप में हुई। वह कुख्यात रतन लोहार उर्फ रतन कर्मकार (दिवंगत) का पुत्र है। हाल में छिनतई के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को सूचना थी कि जयप्रकाश उद्यान, आदित्यपुर के पास एक युवक ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया एसपी मुकेश लुणायत को सूचना मिली थी कि आरोपी ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त है। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए जयप्रकाश उद्यान में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापामारी दल में थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के अलावा पुअनि सुधांशु कुमार, पुअनि सुरेश राम, आरक्षी नितीश कुमार पाण्डेय, राघवेंद्र कुमार सिंह एवं दीपक कुमार शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


