Hindi NewsJharkhand NewsAdityapur NewsAdityapur Municipal Corporation Faces Garbage Crisis in Ward 5 Residents Protest
ग्रामीण क्षेत्र में वार्ड पांच का कचरा डंपिंग से लोग परेशान, सफाई से निगम ने किए हाथ खड़े

ग्रामीण क्षेत्र में वार्ड पांच का कचरा डंपिंग से लोग परेशान, सफाई से निगम ने किए हाथ खड़े

संक्षेप: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-5 में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोग सरकारी जमीन पर कचरा डंप करने को मजबूर हैं, जबकि निगम का कहना है कि यह ग्रामीण क्षेत्र है। पूर्व पार्षद ने निगम से सफाई की मांग...

Fri, 24 Oct 2025 02:38 AMNewswrap हिन्दुस्तान, आदित्यपुर
share Share
Follow Us on

गम्हरिया, संवाददाता। आदित्यपुर नगर निगम द्वारा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने का आदेश है, पर पूरा वार्ड ही गंदगी के ढेर पर बसा हो तो फिर जुर्माना किससे वसूला जाए। वार्ड-5 के वाणी विद्या मंदिर स्कूल रोड की कुछ ऐसी ही स्थिति है। इस रोड के किनारे ग्रामीण क्षेत्र के कारण गंदगी का अंबार लगा है। इस सड़क के दाईं ओर नगर निगम, तो बाई ओर छोटा गम्हरिया का ग्रामीण क्षेत्र है। निगम के लोग सड़क पार कर कचरा फेंक देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में खाली जगह नहीं मिलने से वार्ड-5 के लोग वाणी विद्या मंदिर स्कूल से सटे विद्युत सब स्टेशन की दीवार के पास सरकारी जमीन पर कचरा डंप करते हैं।

डंप कचरे को लेकर इस क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। जबकि नगर निगम की ओर से इस क्षेत्र का कचरा इसलिए साफ नहीं कराया जाता है कि यह ग्रामीण क्षेत्र है। छठ महापर्व में भी गंदगी की सफाई नहीं : पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह ने बताया कि निगम से कई बार यहां से कचरा साफ कराने का आग्रह किया गया। लेकिन, उनकी ओर से ग्रामीण क्षेत्र होने की बात कहकर बीडीओ से बात करने की सलाह दी गयी। उन्होंने बताया कि होली, दुर्गापूजा, दिवाली के बाद पवित्र पर्व छठ में भी गंदगी की सफाई नहीं कराई गई। निगम का कचरा उठाव वाहन भी कभी कभी आता है। इसलिए मजबूरन लोग यहां कचरा फेंकते हैं। वाहन जाने के बाद भी लोग खुले में फेंकते कचरा इधर, इस संदर्भ में नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने बताया कि क्षेत्र में लगातार कचरा वाहन जाता है, फिर भी लोग खुले में कचरा फेंकते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार उस क्षेत्र से कचरा साफ कराया गया है। इसके बावजूद लोग वहां कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने उक्त क्षेत्र से कचरा साफ कराने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही है। निगम का कचरा ग्रामीण क्षेत्र में फेंकना गंभीर मामला इधर, छोटा गम्हरिया के ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो ने कहा कि नगर निगम का कचरा ग्रामीण क्षेत्र में डंप करना एक गंभीर मामला है। इससे पंचायत की स्वच्छता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल पर स्वच्छता मिशन के तहत करीब डेढ़ लाख रुपए से कचरा डंपिंग यार्ड बनाया गया है, जिसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। कचरा डंपिंग यार्ड उदघाटन के बाद भी वहां निगम क्षेत्र का कचरा फेंकने नहीं दिया जाएगा। इस मामले को लेकर शीघ्र पंचायत स्तर पर बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने नगर निगम के लोगों से पंचायत क्षेत्र में कचरा नहीं फेकने की अपील की है।