
75 प्रतिशत स्थानीय को नौकरी, नए उद्योगों को हेमंत सोरेन का आदेश; क्या कहा
सीएम हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कहा कि सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्थापित होने वाली कंपनियों को 75 प्रतिशत नौकरी स्थानीय लोगों को देनी होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कहा कि सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्थापित होने वाली कंपनियों को 75 प्रतिशत नौकरी स्थानीय लोगों को देनी होगी। ऐसा नहीं करने वाली कंपनी के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं होगा। वे धालभूमगढ़ के नरसिंगगढ़ हाट मैदान में घाटशिला उपचुनाव में यूपीए से झामुमो के प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि 11 नवंबर को घाटशिला उपचुनाव है। इस चुनाव में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला धनबल, जनबल और खुद को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा से ही है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे (भाजपा) आप लोगों को विभिन्न प्रकार का लालच देंगे, पर उसमें फंसना नहीं है। आपका वोट दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्वांजलि होगी।
सभा को उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक सविता महतो, अरूप चटर्जी आदि ने भी संबोधित किया। पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमनी सोरेन, जिला परिषद की अध्यक्ष बारी मुर्मू समेत कई लोगों ने संबोधित किया।





