3 hours Bulldozer action jharkhand 24 illegal construction razed to the ground झारखंड में 3 घंटों तक गरजा बुलडोजर, तोड़े गए 24 अवैध निर्माण, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़3 hours Bulldozer action jharkhand 24 illegal construction razed to the ground

झारखंड में 3 घंटों तक गरजा बुलडोजर, तोड़े गए 24 अवैध निर्माण

  • झारखंड में प्रशासन का बुलडोजर ऐक्शन लगातार जारी है। बीते कई दिनों से बुलडोजर कार्रवाई के बाद रांची में भी ऐक्शन देखने को मिला है। प्रशासन ने यहां दो दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीSat, 28 Dec 2024 10:08 AM
share Share
Follow Us on
झारखंड में 3 घंटों तक गरजा बुलडोजर, तोड़े गए 24 अवैध निर्माण

झारखंड की राजधानी रांची में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए शुक्रवार को भी अतिक्रमकारियों और सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम, जिला प्रशासन एवं ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त अभियान में रांची रेलवे स्टेशन रोड में कार्रवाई की गई। दोपहर एक बजे से तीन घंटे चली कार्रवाई में ओवरब्रिज से लेकर मुंडा चौक तक स्टेशन रोड पर बने अवैध ढांचों, काउंटर, ठेला समेत अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

इसमें दो दर्जन से अधिक ठेला-गुमटी, खोमचा, काउंटर को जब्त कर लिया गया। नो पार्किंग जोन में खड़े एक दर्जन से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया है। टीम ने नो वेंडिंग जोन में फुटपाथ पर दुकान लगाकर सामान बेचने वाले दो दर्जन से अधिक लोगों को हटाया। स्टेशन के मुख्य द्वार के पास सड़क पर ऑटो व ई-रिक्शा खड़ा करने पर भी कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक डीएसपी प्रदीप केसरी ने बताया कि लंबे समय से सड़क किनारे दो दर्जन से अधिक स्थानों पर तंबूनुमा होटल चल रहे थे। यहां आने वाले लोग सड़क पर वाहन खड़े कर रहे थे। इससे हर दिन जाम लग रहा था। जाम में फंसने से यात्रियों की ट्रेन तक छूट रही थी।

शीशे से काली फिल्म हटा जुर्माना भी लगाया

यातायात पुलिस ने वाहनों के शीशों से काले रंग की फिल्म हटाई। छह से अधिक चार पहिया वाहन से फिल्म उतार जुर्माना भी किया गया।

सड़क पर वाहन लगाने से किस तरह की हो रही परेशानी

● स्टेशन रोड व शहर की अन्य सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने से ट्रैफिक तो थम ही रहा है, यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में भी विलंब हो जा रहा है।

● जहां-तहां वाहन लगाने से अन्य वाहनों से चलने वाले हादसे के शिकार हो रहे, कई बार दुर्घटनाओं में लोगों की जान तक चली जा रही है।

● राहगीरों की ओर से वाहन लगाने वालों को टोकने पर विवाद भी हो रहे।

लेकिन क्या हो रहा

सड़कों से लगातार अतिक्रमण हटाने के कुछ ही दिन बाद लोग दुकानें सजा ले रहे हैं। ऐसे में कार्रवाई का अतिक्रमणकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा।

अब आगे क्या होगा

सड़कों पर किसी ने भी वाहन लगाया तो उसके खिलाफ रांची नगर निगम और प्रशासन की टीम सख्त कार्रवाई करेगी। टीम ने लोगों चेतावनी भी दी है।