खूंटी में दर्दनाक हादसा! तालाब में डूबे 2 सगे भाई समेत 3 बच्चे; तीनों की मौत
झारखंड के खूटी जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के तोरपा प्रखंड के गुफू गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना हुई। यहां तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई।

झारखंड के खूटी जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के तोरपा प्रखंड के गुफू गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना हुई। यहां तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 8 वर्षीय निमसन गुड़िया, 7 वर्षीय जैसन गुड़िया (पिता-सुमन गुड़िया) और 7 वर्षीय डेविड गुड़िया (पिता-हेरमन गुड़िया) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे प्राथमिक विद्यालय के छात्र थे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल से छुट्टी के बाद तीनों बच्चे घर लौटे और किताब-कॉपी रखकर खेलने निकल गए। गांव के पास स्थित खेत में खेलने के बाद वे तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगने से तीनों बच्चे डूब गए।
मां की तलाश ने खोला हादसे का राज
शाम करीब चार बजे तक बच्चे घर नहीं लौटे तो निमसन और जैसन की मां उन्हें खोजने निकलीं। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर तालाब के पास बच्चों के कपड़े पड़े मिले। तालाब में झांकने पर एक बच्चे का शरीर दिखा। उनकी चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आवश्यक जांच के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर थाना लाया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
माताओं के विलाप से गमगीन हुआ गुफू
सूचना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। घटनास्थल का दृश्य अत्यंत मार्मिक था। दोनों मां अपने बच्चों के शव को सीने से लगाकर रो रही थीं। वे बार-बार बच्चों को उठने के लिए पुकार रही थीं। उनके विलाप से वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से मां नेलानी का संसार उजड़ गया। पिता सुमन गुड़िया ने कहा कि उनका सब कुछ खत्म हो गया।
वहीं डेविड की मां सरिता गुड़िया भी बदहवास होकर रोती रहीं। उसके पति बाहर काम करते हैं और वह अकेले बच्चों का पालन-पोषण करती है।
कुएं में डूबकर महिला की मौत
थाना क्षेत्र के ठाकुरगांव नऊवा बगीचा निवासी संजय महतो की पत्नी प्रभा देवी की गुरुवार को कुएं में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतका बकरी के लिए पत्ता तोड़ने कुएं के पास गई थी। इसी दौरान कुएं के बीच लगा लकड़ी का पवठा टूट गया, जिससे वह अचानक कुएं में गिर गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों की मदद से प्रभा देवी को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के समय उसका पति और ससुर तीर्थयात्रा पर बाहर गए हुए थे।
लेखक के बारे में
Mohammad Azamसंक्षिप्त विवरण
मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।
राजनीतिक पत्रकारिता में आजम
आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।
पत्रकारिता का उद्देश्य
आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।
विशेषज्ञता ( Area of Expertise )
पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर


