साहिबगंज में दर्दनाक हादसा! हाईवा ने टोटो को रौंदा; 3 की मौत
झारखंड के साहिबगंज में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर केशरो मोड़ के पास गुरुवार की रात करीब पौने नौ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

झारखंड के साहिबगंज में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर केशरो मोड़ के पास गुरुवार की रात करीब पौने नौ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों में दो मुगलपाड़ा, बरहड़वा और एक पतना चौक के रहने वाले थे। हादसे के शिकार हुए लोग रांगा हटिया से फल व सब्जी बेचकर टोटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो को रौंद दिया। हाइवा का चालक मौके से फरार होने सफल रहा।
हादसे के बाद जाम कर दी सड़क
इधर, हादसे के बाद काफी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लोगों को दो जेसीबी की मदद से बाहर निकालकर इलाज के लिए बरहड़वा सीएचसी भेज दिया है। स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। दो शव अब भी हाइवा के चक्के में ही फंसा है। जानकारी के अनुसार टोटो पर सवार होकर एक बच्चा समेत पांच व्यक्ति रांगा साप्ताहिक हाट से फल, सब्जी बेचकर घर वापस पतना धरमपुर लौट रहे थे, इसी क्रम में केशरो मोड़ के पास एक हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही दो व्यक्ति की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूपसे घायल हो गए। इनमें से एक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।समाचार भेजे जाने तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लगी थी। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस को हाइवा के चक्के में फंसे दोनों व्यक्ति के शव को निकालने नहीं दे रहे हैं।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान साहिल शेख (18), क्यूम खान (27) दोनों मुगलपाड़ा, बरहड़वा और पतना चौक के किशोर साहा (25)के रूप में हुई। वहीं घायलों में सूरज खान (17)और आहिल खान (12) दोनों मुगलपाड़ा, बरहड़वा के रहनेवाले हैं।
सरायकेला में गड्ढे में गिरा स्कूटी सवार छात्र, ट्रेलर ने कुचला,मौत
सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के राजनगर बाइपास मोड़ पर गुरुवार शाम जर्जर सड़क ने 10वीं के छात्र की जान ले ली। सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण स्कूटी से गिरे छात्र सागर हेम्ब्रम को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल डाला, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी। सागर सरायकेला ब्लॉक के पास मानिकबाजार गांव के शिवशंकर हेम्ब्रम का पुत्र था। वह मूल रूप से खरसावां के बुरुडीह हाडीसाई का था।


