चतरा में बड़ा हादसा! पिकनिक के लिए गए 3 नाबालिग नदी में डूबे; सभी की मौत
चतरा सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव के कड़गू पटेर स्थित नदी में डूबने से शुक्रवार को तीन बच्चों की मौत हो गई। ये बच्चे पिकनिक मनाने यहां पहुंचे थे। उसी दौरान नहाने के क्रम में गहरे पानी में जाकर डूब गए। तीनों की मौत हो गई।

चतरा सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव के कड़गू पटेर स्थित नदी में डूबने से शुक्रवार को तीन बच्चों की मौत हो गई। ये बच्चे पिकनिक मनाने यहां पहुंचे थे। उसी दौरान नहाने के क्रम में गहरे पानी में जाकर डूब गए। मृत बच्चों में धंगरटोली मुहल्ला निवासी मुकेश कुमार सोनी का 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार, चौर मुहल्ला निवासी संजय दास का 12 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार और इसी मुहल्ले के पमेश्वर राम का 11 वर्षीय पुत्र अंश प्रकाश शामिल है।
छुट्टी के दिन पिकनिक पर गए थे
प्रिंस गीता आश्रम स्कूल में नौवीं का छात्र था, वहीं अंश हैप्पी गो लकी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था, जबकि सत्यम नाजरेथ स्कूल में सातवीं का छात्र था। सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि डूबने से मृत बच्चों के साथ गए दो अन्य बच्चों ने पूछताछ में बताया कि जन्माष्टमी पर स्कूल में छुट्टी थी। आठ से दस छात्र नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चों ने पहले पास्ता बनाकर खाया नदी में नहाने लगे। इसी दौरान तीन बच्चे गहराई में जाने की वजह से डूब गए। पानी से निकालकर दो बच्चों को उनके साथियों ने छाती को दबाकर पानी निकालने का प्रयास किया, पानी निकला पर बच नहीं पाए। इसके बाद साथी बच्चे वहां से भाग गए।
घटनास्थल से सामग्री मिले
घटनास्थल से तीन जोड़ी चप्पल, दो स्कूल बैग, माचिस, मलहम, डेटोल लिक्विड, डिस्पोजल प्लेट, कटोरी, साइकिल और पानी की बोतल समेत कई सामान मिले हैं। पास में में चूल्हा भी जला हुआ था। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


