झारखंड में 2 युवकों को किडनैप कर मार डाला, फिल जमीन में गाड़ दिया शव; खुलासे के बाद मचा हड़कंप
झारखंड के सरायकेला में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां दो युवकों को किडनैप करने के बाद उनकी हत्या कर दी और उसके बाद शवों को जमीन में गाड़ दिया।

झारखंड के सरायकेला-खरसावां के कांड्रा से लापता दो युवकों की हत्या कर शव को रापचा में दफना दिया गया। शनिवार को दो शवों के मिलने से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवकों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है। राहुल कांड्रा के पिंडरबेड़ा और तपन खरसावां के सुपायसाई का रहने वाला था।
13 अगस्त को हुई थी किडनैपिंग
दोनों 13 अगस्त से लापता थे और परिजनों ने 20 अगस्त को दोनों के लापता होने का मामला कांड्रा थाने में दर्ज कराया था। राहुल के पिता रवि हांसदा के अनुसार, दोनों के साथ मारपीट के बाद 13 अगस्त को अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने जांच में संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस के सामने कई अहम कड़ियां आईं और मामले का खुलासा हुआ।
दो कार से पहुंचे आठ लोगों ने की थी मारपीट : प्रत्यक्षदर्शी व घायल सूरज हांसदा के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे वह धतकीडीह स्कूल में राहुल व तपन के साथ बैठा था। इस दौरान दो कार से सात-आठ लोग वहां पहुंचे व मारपीट करने लगे तीनों को कार से गम्हरिया की ओर लेकर चले। मौका देखकर सूरज फरार हो गया। उसके बाद से राहुल और तपन लापता हो गए।
चोरी से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका
दोनों युवकों की हत्या कर दफनाने के मामले में पुलिस को शुरुआती जांच में मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद की आशंका है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हत्या की वजह मोबाइल चोरी से संबंध और अन्य लोगों की भूमिका की जांच करते हुए साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस ने क्या बताया
इस मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 20 अगस्त को कांड्रा थाना में मारपीट और दो के अपहरण से संबंधित प्राथमिकी की जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि जिन दो युवकों का अपहरण किया गया था, उनकी हत्या कर शवों को रापचा मैदान के पीछे वन विभाग की जमीन में दफना दिया गया था। पुलिसशवों को बरामद कर लिया है।


