झारखंड में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के बीच 1100 वोल्ट का करंट दौड़ा, 2 छात्रों की मौत
झारखंड के खूंटी जिले में रथ यात्रा के बीच बड़ा हादसा हो गया। रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। दो छात्रों की मौत हो गई। चार गंभीर रूप से झुलस गए।

झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेंगसेरा मौसीबाड़ी के पास सोमवार को दोपहर में दर्दनाथ हादसा हुआ। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के बाद से खड़े लोहे के रथ को किनारे करने के क्रम में बिजली का तार सट जाने से दौड़े करंट की चपेट में आने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ा
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे लंच टाइम के दौरान श्रीहरि प्लस टू विद्यालय के कुछ छात्र कोटेंगसेरा मौसीबाड़ी के पास पहुंच गए। वहां भगवान जगन्नाथ के लोहे के रथ को कुछ लोग धक्का देकर उसकी दिशा बदलने के लिए सड़क किनारे ले जाने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान करीब दर्जनभर छात्र रथ को धक्का देने में मदद करने लगे। रथ को घुमाने के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से सट गया। तार के संपर्क में आते ही विद्युत करंट सीधे लोहे के रथ में उतर गया, जिससे रथ को धक्का दे रहे कुछ छात्र छटपटाकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि दो छात्र कुछ देर तक रथ से चिपके रह गए। इसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई।
चार गंभीर, अस्पताल भर्ती
सूचना पर स्थानीय लोग वहां पहुंचे। बिजली आपूर्ति बंद कराई और घायलों को तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार छात्रों को खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने तोरपा के खसुआ टोली निवासी शाहदेव यादव के 17 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार (मूल रूप से बिहार के गयाजी जिले के बाराचट्टी निवासी) और तोरपा के ही टाटी तुराटोली निवासी पाल गोप के 17 वर्षीय पुत्र तीजेश्वर गोप को मृत घोषित कर दिया। दोनों छात्र इंटर में पढ़ते थे।
घायल छात्रों का चल रहा इलाज
हादसे में कुल्डा निवासी 20 वर्षीय कमलेश गोप, ईचा निवासी 17 वर्षीय रुपेश कुमार सिंह, मिलन चौक निवासी 16 वर्षीय अरमान आलम, बांसटोली निवासी 17 वर्षीय पंकज राम, कोटेंगसेरा निवासी 17 वर्षीय गिरिराज यादव, सायसेरा निवासी 13 वर्षीय सूजे लोहरा और शांति नगर निवासी 17 वर्षीय निलय एक्का शामिल है। सभी का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तोरपा की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। मरांग बुरु दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। सभी का समुचित इलाज चल रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।


