
पापा रूममेट आ रहा है, साथ में खाना खाएंगे...; मगर फिर 17 साल के छात्र ने कर ली खुदकुशी
लेकिन, जब साथी कमरे पर पहुंचा तो उसे फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिली। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करने वाला 17 साल का छात्र अपने पिता से फोन पर बातचीत कर रहा था। पिता ने पूछा- खाना खाया कि नहीं, तो उसने कहा- अपने साथी का इंतजार कर रहा है। गांव से वापस आएगा, तो साथ में खाना खा लेंगे। लेकिन, जब साथी कमरे पर पहुंचा तो उसे फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिली। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
पढ़ने-लिखने में काफी होशियार था अंकित
मामला हजारीबाग के कोर्रा मटवारी इलाके के एक लॉज का है, जहां गिरिडीह जिले के चौरा गांव का 17 साल का लड़का रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक छात्र का नाम अंकित कुमार राय है। अंकित पढ़ने-लिखने में काफी होशियार था। बताया गया कि उसने दसवीं कक्षा में 95 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद आगे की पढ़ाई करने के लिए हजारीबाग चला आया था, यहां वो बीते दो सालों से रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिवार ने बताया कि उसे किसी भी तरह की कोई मानसिक समस्या नहीं थी।
पापा रूममेट आ जाए, तो साथ में खाना…
जानकारी के मुताबिक, अंकित से उसके पिता ने बातचीत भी की थी। तब सबकुछ एकदम ठीक था। अंकित से उसके पिता ने खाना खाने के बारे में पूछा था। इस पर अंकित ने बताया कि उसका रूममेट गांव गया है, वह आने ही वाला है। जैसे ही वो आ जाएगा, दोनों साथ मिलकर खाना खाएंगे। हालांकि पिता ने होटल पर जाकर खाना खाने की सलाह दी, तो उसने अपने साथी का इंतजार करने की बात कही थी।
दरवाजा खोला, तो फंदे से लटकी मिली लाश
लेकिन, फिर जब उसका रूममेट वापस आया, तो उसने कमरे को अंदर से बंद पाया। दरवाजा खटखटाया, लेकिन बात नहीं बनी। मामला संदिग्ध लगा, तो उसने दरावाजा को तोड़ा और जैसे ही कमरे के अंदर गया, अंकित को फांसी के फंदे से झूलते पाया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।





