विधवा मां के दोनों बेटों का मर्डर, खास दोस्त ही निकला हत्यारा; पुलिस ने क्या बताया?
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए दो भाइयों के हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतक का खास दोस्त था। उसने एक लड़की के चक्कर में हत्या को अंजाम दिया। छोटे भाई की हत्या इसलिए की क्योंकि वह कोई सबूत नहीं छोड़ना चाहता था।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दो सगे भाइयों की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। 6 मई को हुए इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र के लोग सदमे में थे। हालांकि अब पुलिस के मुताबिक इस घटना के आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरा मामला एक लड़की को लेकर हुआ। सुमित और मृतक नकुल दोनों ही एक ही लड़की से प्यार करते थे। ऐसे में सुमित ने घर में घुसकर क्रिकेट बैट से नकुल की हत्या कर दी। इसके साथ ही उसने नकुल के छोटे भाई निखिल को भी मार डाला।
एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 मई को हुए इस हत्याकांड के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल संदिग्ध आरोपी को पकड़ने का था। क्योंकि दोनों मृतक भाइयों की मां को किसी पर भी कोई शक नहीं था। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस को नकुल का आईफोन वहां से गायब मिला। ऐसे में पुलिस ने नकुल के नंबर को ट्रेस करके, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पार्थ वर्मा उर्फ सुमित को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में सुमित ने इस घटना में किसी भी तरह का हाथ होने से इनकार किया, लेकिन जब सख्ती के साथ पूछताछ की गई, तो उसने भेद खोल दिया।
हत्या के पीछे का क्या मकसद?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी सुमित ने पूछताछ में बताया कि पहले मृतक नकुल और वह बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे। दोनों लोग आसपास के इलाकों में छीना झपटी का काम करते थे। इसकी वजह से थाने में भी दोनों के नाम पर केस दर्ज हैं। लेकिन बाद में किसी विवाद की वजह से दोनों के बीच में कहासुनी हो गई, जिसकी वजह से वह अलग हो गए।
लेकिन दोनों को ही एक ही लड़की से प्यार हो गया। ऐसे में सुमित ने कई बार नकुल से उस लड़की से दूर रहने के लिए कहा। लेकिन नकुल नहीं माना।
अधिकारियों के मुताबिक 6 मई को, घटना वाले दिन सुमित, नकुल से बात करने के लिए सुबह करीब 10:40 पर उसके घर पहुंचा। इस दौरान नकुल की मां अपने काम पर गई हुई थीं, जबकि छोटा भाई निखिल बाजार गया हुआ था। बातचीत के दौरान नकुल और सुमित की बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके बाद सुमित ने नकुल से सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी दौरान जब वह भागने की कोशिश करने लगा, तभी वहां पर निखिल आ गया। नकुल को मरा हुआ देख, निखिल और सुमित के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसमें निखिल के सिर पर भी उसने क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। इसके बाद वह भी वहीं गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद शाम को जब दोनों भाइयों की मां ज्योति देवी घर पहुंची, तो उन्होंने घर में दोनों को खून से लथपथ देखा। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। यहाँ पर नकुल को तुरंत ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि निखिल की मौत 5 दिन बाद हो गई। बता दें, ज्योति देवी के पति की मौत पहले ही चुकी है। वह दोनों भाइयों की देखभाल अकेली ही कर रही थीं।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


