जब भी मैं पीएम की तारीफ करता हूं, कांग्रेस के मेरे साथी नाराज हो जाते हैं; उमर अब्दुल्ला का तंज

Feb 06, 2026 11:09 am ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, श्रीनगर
share Share
Follow Us on

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर कांग्रेस को असहज कर दिया है। जानें क्यों उमर ने तारिक हमीद कर्रा की नाराजगी पर तंज कसा और केंद्र शासित प्रदेश मॉडल को खत्म करने की मांग की।

जब भी मैं पीएम की तारीफ करता हूं, कांग्रेस के मेरे साथी नाराज हो जाते हैं; उमर अब्दुल्ला का तंज

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला का हालिया बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने अपनी गठबंधन साथी कांग्रेस पार्टी पर इशारों-इशारों में निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब भी वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हैं, तो कांग्रेस के नेता अक्सर नाराज हो जाते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि एक मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य के विकास के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करना उनकी जिम्मेदारी है और अगर प्रधानमंत्री कोई अच्छा काम करते हैं, तो उसे स्वीकार करने में कोई बुराई नहीं है।

उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र में बोलते हुए कहा कि वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो जम्मू-कश्मीर के लिए किए गए अच्छे कामों को स्वीकार करने में हिचकिचाते हों। उन्होंने कहा, 'मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो जम्मू-कश्मीर के लिए अच्छे काम करें और मैं उनका शुक्रिया न करूं। जब भी मुझे प्रधानमंत्री साहब का साथ मिलता है, गृह मंत्री साहब या वित्त मंत्री साहिबा का साथ मिलता है, तो मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। इसके लिए बीच-बीच में मेरे जो दोस्त हैं कर्रा साहब... वो थोड़े नाराज हो जाते हैं। क्योंकि उनको ठीक नहीं लगता कि मैं प्रधानमंत्री साहब का शुक्रिया क्यों करूं या उनके बारे में अच्छे अल्फाज क्यों दोहराऊं। लेकिन ठीक है... हम दोस्त हैं और आपस में ये तू-तू मैं-मैं का सिलसिला चलता रहता है।' उमर अब्दु्ल्ला का इशारा कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा की ओर था।

इससे पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विधानसभा की व्यवस्था वाली केंद्र शासित प्रदेश प्रणाली खत्म करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि जम्मू-कश्मीर में शासन संबंधी भ्रम को खत्म करने के लिए काफी समय से लंबित सरकारी कामकाज के नियमों को आने वाले दिनों में मंजूरी दी जाएगी। विधानसभा में उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के जवाब में अब्दुल्ला ने कहा कि संविधान से विधानसभा वाली केंद्रशासित प्रणाली को खत्म करने से देश को फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि सच है कि एक केंद्रशासित प्रदेश में काम करना बेहद कठिन है। मैं जानना चाहता हूं कि इस विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेश मॉडल के पीछे कौन था। मैं यह साफ-साफ कहता हूं- यदि हमारे प्रधानमंत्री इस देश को कोई उपहार देना चाहते हैं, तो उन्हें इस प्रणाली को खत्म कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने एक घंटे से अधिक समय के अपने संबोधन में कहा- यदि आप केंद्रशासित प्रदेश रखना चाहते हैं, तो उसमें विधानसभा न रखें; और यदि किसी क्षेत्र के लिए विधानसभा जरूरी है, तो उसे राज्य बना दें। हाल ही में एक विधायक ने कहा था कि मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वीकार किया है कि अधिकारी उनकी नहीं सुनते।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।