जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में फटा बादल, गांवों घुसा पानी-मलबा; दहशत में लोग
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज क्षेत्र अंतर्गत तुलैल घाटी के तरतेई किलशे गांव में मंगलवार शाम बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के दूरस्थ गुरेज क्षेत्र में स्थित तुलैल घाटी के तरतेई किलशे गांव में मंगलवार शाम को बादल फटने की भयावह घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। अचानक आए मूसलाधार पानी और मलबे के तेज बहाव ने गांव में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी, जिससे दर्जनों आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई और वे अपने बच्चों व जानवरों को बचाते हुए ऊंचे स्थानों की ओर भागने को मजबूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे आसमान में अचानक काले बादल छा गए और कुछ ही मिनटों में भीषण बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही पहाड़ी ढलानों से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा गांव की ओर लुढ़कने लगा। तुलैल घाटी की संकरी बस्ती में पानी का स्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि कई परिवारों को घरों से बाहर निकलने का भी समय नहीं मिला। पानी घरों में घुस गया, रसोई, बेडरूम और गोशालाएं डूब गईं। आसपास की खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बह गईं।
तुलैल के तहसीलदार जावेद अहमद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बादल फटने से तरतेई किलशे गांव में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी और मलबे का तेज बहाव कई आवासीय घरों में घुस गया। फसलों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
वहीं, बादल फटने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राजस्व अधिकारियों ने तुरंत नुकसान का प्रारंभिक आकलन शुरू कर दिया है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, खाद्य सामग्री, पशु चारे और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इतना भयानक मंजर नहीं देखा। पानी की धार इतनी तेज थी कि कुछ भी बचाने का मौका नहीं मिला। हमारे घर का सामान, अनाज और फसल सब बह गया। उन्होंने प्रशासन से अपील है कि जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जाए।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


