
डोनाल्ड ट्रंप के साथ मीटिंग में जोर से हंसने लगे शी जिनपिंग, चीनी मीडिया ने गायब कर दीं तस्वीरें
दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुलकर हंसते नजर आए। हालांकि चीन की सरकारी मीडिया ओर सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें जारी नहीं की गईं।
चीन में अभिव्यक्ति की आजादी का डर इस तरह हावी है कि राष्ट्रपति को भी खुलकर हंसते हुए नहीं दिखाया जा सकता है। हाल ही में दक्षिण कोरिया में एशिया-पसिफिक इकनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) सम्मेलन में शामिल होने गए शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के बीच जब बातचीत हुई तो शी जिनपिंग ठहाके मारकर हंसने लगे। हालांकि चीन में इस तस्वीर को जारी नहीं किया गया। जानकारी के मुताबिक चीन का सरकारी मीडिया हमेशा राष्ट्रपति और अन्य नेताओं की ऐसी छवि बनाने की कोशिश करता है कि वे बेहद शांत और गंभीर रहते हैं। इसके अलावा वे हमेशा मेहनत में ही लगे रहते हैं। ऐसे में उनकी हंसने वाली तस्वीरें भी छिपा दी जाती हैं।
चीन में पश्चिमी मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध होने की वजह से उनके लिए यह काम आसान भी हो जाता है। वाइट हाउस ने शी जिनपिंग की हंसते हुए तस्वीर जारी की है। इसमें देखा जा सकता है कि शी जिनपिंग अपने अधिकारियों के साथ बैठे हैं। वह इतना खुलकर हंस रहे हैं कि उनकी आंखें बंद हो गई हैं। बगल बैठे चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी मुस्कुरा रहे हैं।
बीते महीने रॉयटर्स ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें देखा गया था कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग और शी जिनपिंग आपस में गिफ्ट का दे रहे थे। ली ने एक लकड़ा का चेस बोर्ड गिफ्टि किया तो वहीं शी जिनपिंग ने उन्हें चीन में बने शाओमी के दो मोबाइल फोन दिए। ली ने उनसे पूछा, इसमें कम्युनिकेशन सिक्योरिटी कितनी है। इसपर शी बोले, आप पीछे जाकर चेक कर सकते हैं। इसपर दोनों हंस पड़े। बहुत कम ही मौकों पर शी जिनपिंग इस तरह हंसते हुए नजर आते हैं।
चीन के प्लैटफॉर्म्स पर आप कहीं राष्ट्रपति और अन्य नेताओं की ऐसी तस्वीर नहीं पाएंगे जिनमें वे खुलकर हंस रहे हों। ली और शी के बीच काफी हंसी मजाक हुआ लेकिन उनकी वही तस्वीरें चुनकर पोस्ट की गईं जिनमें शी जिनपिंग गंभीर दिखाई दे रहे थे।

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




