Hindi Newsविदेश न्यूज़Why Russia blasts Pakistani daily for spreading Russophobic Western propaganda
हमारे बारे में ये सब लिखते हो, पाकिस्तानी अखबार पर क्यों भड़का रूस? पश्चिमी प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप

हमारे बारे में ये सब लिखते हो, पाकिस्तानी अखबार पर क्यों भड़का रूस? पश्चिमी प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप

संक्षेप:

रूसी दूतावास ने अखबार पर यह आरोप भी लगाया कि वह रूस की कमजोर अर्थव्यवस्था और प्रतिबंधों से प्रभावित होने जैसे पश्चिमी आख्यानों को दोहराता है। मिशन ने कहा कि यह दावे तथ्यों से परे हैं।

Nov 07, 2025 06:35 am ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद
share Share
Follow Us on

पाकिस्तान में रूसी दूतावास ने पेशावर से प्रकाशित होने वाले अंग्रेजी दैनिक अखबार द फ्रंटियर पोस्ट पर तीखा हमला बोला है। रूस ने अखबार पर रूस-विरोधी लेखों की श्रृंखला चलाने और मॉस्को के खिलाफ पश्चिमी प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दूतावास ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि अखबार का इंटरनेशनल न्यूज सेक्शन अमेरिकी प्रभाव में काम करने वाले संपादकीय दल के नियंत्रण में है, जिसका मुख्यालय वाशिंगटन में स्थित है। इस टीम पर आरोप लगाया गया कि वह नियमित रूप से कट्टर रूस-विरोधियों और रूसी विदेश नीति के आलोचकों को तरजीह देती है।

रूसी मिशन ने कहा कि अखबार में रूस या उसकी नेतृत्व व्यवस्था के बारे में निष्पक्ष या सकारात्मक रूप से लिखा गया एक भी लेख खोजना मुश्किल हो गया है। रूसी दूतावास ने बयान में कहा कि हाल ही में अखबार के अंतरराष्ट्रीय अनुभाग में ऐसा एक भी लेख नहीं मिला जो रूस या उसके नेतृत्व को सकारात्मक या तटस्थ रूप में पेश करता हो।

दूतावास ने आगे कहा कि लगातार रूस-विरोधी रिपोर्टों का प्रकाशन यह दर्शाता है कि अखबार की नीति राजनीतिक पक्षपात पर आधारित है, न कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर। बयान में कहा गया, 'पश्चिमी प्रोपेगेंडा से भरे इन लेखों में किसी वैकल्पिक दृष्टिकोण की अनुपस्थिति यह दर्शाती है कि संपादकीय नीति स्वतंत्र पत्रकारिता नहीं, बल्कि राजनीतिक झुकाव का परिणाम है।'

रूसी दूतावास ने यह भी उल्लेख किया कि द फ्रंटियर पोस्ट के पास अफगानिस्तान पर समर्पित पूरा सेक्शन है, लेकिन उसने 7 अक्तूबर को आयोजित मॉस्को फॉर्मेट ऑफ कंसल्टेशन ऑन अफगानिस्तान की रिपोर्टिंग पूरी तरह नजरअंदाज कर दी, जबकि अन्य क्षेत्रीय मीडिया ने इस पर व्यापक कवरेज दी थी।

रूसी दूतावास ने कहा कि यह रवैया अखबार के पश्चिमीकृत संपादकीय दफ्तर की रूस-विरोधी प्रवृत्ति को और उजागर करता है। रूसी दूतावास ने अखबार पर यह आरोप भी लगाया कि वह रूस की कमजोर अर्थव्यवस्था और प्रतिबंधों से प्रभावित होने जैसे पश्चिमी आख्यानों को दोहराता है। मिशन ने कहा कि यह दावे तथ्यों से परे हैं।

बयान में बताया गया कि 2024 में रूस की जीडीपी 4.1 प्रतिशत बढ़ी, निर्माण क्षेत्र में 8.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई और बेरोजगारी दर सिर्फ़ 2.5 प्रतिशत रही। बयान में व्यंग्यात्मक रूप से कहा गया कि किसी देश के लिए ये ‘गिरती अर्थव्यवस्था’ के संकेत नहीं हो सकते। रूस ने हाल ही में अपनी सामरिक क्षमताओं का भी जिक्र किया, जिनमें बुरेवेस्टनिक क्रूज मिसाइल और पोसीडॉन अंडरवाटर व्हीकल के परीक्षण शामिल हैं। अंत में दूतावास ने पाकिस्तानी जनता से अपील की कि वे विभिन्न स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें और ऐसे प्रकाशनों पर निर्भर न रहें जो विदेशी प्रायोजकों के संदिग्ध हितों की सेवा करते हों।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar
अमित कुमार एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। हिन्दुस्तान डिजिटल के साथ जुड़ने से पहले अमित ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। अमित ने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला (डिजिटल) से की। इसके अलावा उन्होंने वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में काम किया है, जहां उन्होंने न्यूज रिपोर्टिंग व कंटेंट क्रिएशन में अपनी स्किल्स को निखारा। अमित ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में मास्टर (MA) किया है। अपने पूरे करियर के दौरान, अमित ने डिजिटल मीडिया में विभिन्न बीट्स पर काम किया है। अमित की एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेट रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। अमित नई मीडिया तकनीकों और पत्रकारिता पर उनके प्रभाव को लेकर काफी जुनूनी हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।